डायटिशन ने बताया रंग-बिरंगे फल और सब्जियों से मनाएं पोषण वाली होली

Spread the love

वेबडेस्क : लाल,पीले, हरे, नीले रंगों के साथ तो आप हर साल होली का त्योहार मनाते हैं लेकिन इस साल आपको अपनी सेहत का ध्यान रखते हुए पोषण वाली होली मनानी चाहिए। इसके लिए आपको किन रंगों के फल और सब्जियों को डायट में शामिल करना है, यहां जानें।

जिस तरह होली में रंगों का महत्व है और रंगों के बिना होली के त्योहार की कल्पना भी नहीं की जा सकती, ठीक उसी तरह हमारे खाने में भी रंगों का बहुत महत्व होता है। रंगों से भरी होली तो आप हर साल खेलते हैं क्यों ना इस बार आप सभी पोषण वाली होली खेलें। सुनने में थोड़ा अजीब लग रहा होगा लेकिन शरीर को पोषित करने के लिए छह रंगों के खाद्य पदार्थ काफी अहम भूमिका निभाते हैं। लखनऊ मेडिकल कॉलेज की डायटिशन सीमा कहती हैं कि हमें हर रोज सुबह दोपहर शाम 3 प्राकृतिक रंग के खाद्य पदार्थों का सेवन करना चाहिए। किस रंग के फल और सब्जियों से शरीर को कौन सा पोषण मिलता है, इस बारे में यहां जानें पूरी डीटेल।

आंखों और त्वचा के लिए जरूरी है लाल रंग

लाल रंग का भोजन जैसे कि लाल मांस, मछली आदि से दिल तंदुरुस्त रहता है। फल व सब्जी जैसे टमाटर, चुकंदर, लाल मिर्च, स्ट्रॉबेरी, गुलाबी अंगूर आदि फाइटोकेमिकल्स से भरे होते हैं, जो डायबीटीज से बचाने में मदद कर सकते हैं। इनसे लाल रक्त कोशिकाओं का विकास होता है। यह हमारी आंखों और त्वचा के लिए अच्छे होते हैं।

हड्डियों के लिए जरूरी है नारंगी रंग
गाजर, संतरा, नींबू, शकरकंद, पपीता, कद्दू आदि में ऐंटिऑक्सिडेंट्स होते हैं। ये डीएनए को होने वाले डैमेज से बचाने में मदद करते हैं। नारंगी रंग के खाद्य पदार्थों में जेक्सैन्थिन, फ्लैवनॉयड्स, लाइकोपीन, पोटैशियम, विटमिन सी और बीटा-कैरोटीन होता है जो आपकी आंखों और त्वचा से लेकर दिल और हड्डियों तक की कई तरीकों से मदद करते हैं।

पीले रंग में होता है विटमिन ए
अनानास और पपीता जैसे पीले रंग के फल पाचन को आसान बनाने और शरीर में किसी भी तरह की सूजन को कम करने में मदद करते हैं। इनमें ब्रोमेलैन और पपैन जैसे इंजाइम्स होते हैं जो सेहत के लिए लाभदायक हैं। पीले या नारंगी रंग की सब्जियों और फल में मौजूद विटमिन ए से रात में देखने की क्षमता बढ़ती है। साथ ही निमोनिया, दस्त और खसरा से भी बचाव होता है।

खून की कमी को दूर करता है हरा रंग
हरी सब्जियों में सभी तरह के विटमिन, खनिज, फाइबर और ऐंटिऑक्सिडेंट्स पाए जाते हैं जो शरीर की प्रतिरक्षा प्रणाली यानी इम्यूनिटी को बढ़ावा देते हैं। इनमें सबसे ज्यादा आयरन होता है, इससे मानव शरीर में खून की कमी नहीं होती।

याददाश्त बढ़ाते हैं बैंगनी/नीला रंग
बैंगनी फूलगोभी, बैंगनी लेटस के पत्ते, बैंगन, ब्लूबेरीज आदि ऐंटिऑक्सिडेंट से भरे हुए हैं, जो आपके मस्तिष्क और हृदय के स्वास्थ्य के लिए लाभादयक हैं। शरीर की सूजन कम करने में मदद हैं। इस रंग की सब्जियों से याददाश्त सही रहती है।

कैल्शियम का अच्छा सोर्स है सफेद रंग
फूलगोभी, आलू, प्याज, लहसुन आदि सूजन व कलेस्ट्रॉल कम करने में सहायक होते हैं। जो लोग शाकाहारी होते हैं, उनको दूध, दही और दूध के उत्पादों से अच्छी गुणवत्ता वाला प्रोटीन मिल सकता है। ये विटमिन ए, विटमिन डी व कैल्शियम के अच्छे स्रोत होते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *