बिलासपुर : प्रेम विवाह किया और दहेज की मांग पर युवक ने पत्नी को जिंदा जलाया, हालत गंभीर

Spread the love

बिलासपुर। सात जन्मों तक साथ निभाने का वादा किया। प्रेम विवाह किया और मामूली विवाद होने पर एक पति ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के दिन अपनी पत्नी को जिंदा जलाने की कोशिश की। पुलिस ने आरोपित पति को हत्या का प्रयास करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। उसलापुर के राजघराना कॉलोनी में पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया। इस दौरान गुस्साई पत्नी ने अपने ऊपर मिट्टी तेल डाल ली। वहीं आक्रोशित पति ने माचिस जलाकर महिला को आग लगा दी। उसे गंभीर हालत में बर्न एंड ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपित पति के खिलाफ हत्या के प्रयास का अपराध दर्ज कर हिरासत में ले लिया है।

मूलत: मध्यप्रदेश के मंडला के बिचना बम्हनीबंजर निवासी कल्पना पटेल (28) की शादी 2017 में मंडला के सेमरखापा निवासी रूपेश पटेल से हुई है। दोनों ने लव मैरिज किया है। हालांकि परिजन की सहमति पर उनकी शादी रीति रिवाज से हुई है। रूपेश के पिता रामसजीवन लोरमी क्षेत्र के पाली के पास वनवासी सेवा मंडल स्कूल में प्राचार्य हैं और उनका परिवार वहीं रहता है।

महिला का आरोप है कि शादी के बाद से ही दहेज कम लाने की बात पर कल्पना को उसके सास-ससुर व परिजन प्रताड़ित करने लगे। इसी बात को लेकर विवाद भी हुआ था। इस बीच दोनों परिवार के लोगों ने सामाजिक बैठक कर सुलह कराई थी। फिर कुछ समय बाद उनके बीच विवाद शुरू हो गया।

महिला का आरोप है कि उसका पति उसके साथ मारपीट करता था और उसका किसी और लड़की से संबंध था। इस विवाद के बाद फिर समझौता हुआ। बाद में रूपेश अपनी पत्नी को लेकर बिलासपुर आ गया। यहां वह प्राइवेट नौकरी करता है और उसलापुर के राजघराना कालोनी में किराए के मकान में रहते हैं।

रविवार की सुबह दोनों पति-पत्नी के बीच पुरानी बातों को लेकर फिर से विवाद हो गया। इस दौरान उसके पति ने गाली-गलौज कर उसकी पिटाई कर दी। वहीं, रूपेश ने उसे घर से जाने के लिए कह दिया। सुबह से लेकर दोपहर तक उनके बीच विवाद चलता रहा। इस बीच परेशान महिला घर में ही बैठी रही।

दोपहर में वह अपने ऊपर मिट्टी तेल डाल ली। इससे गुस्साए रूपेश ने माचिस जलाकर आग लगा दी, जिससे कल्पना बुरी तरह झुलस गई। फिर उसने खुद बचाव कर आग बुझाई। इसके बाद आनन-फानन में इलाज के लिए उसे अस्पताल ले गया। महिला बर्न एंड ट्रामा सेंटर में भर्ती है। इस घटना की सूचना पर तारबाहर पुलिस ने महिला का बयान दर्ज किया है।

महिला 80 फीसदी झुलस गई है। इस घटना की सूचना मिलते ही उसके परिजन भी पहुंच गए। महिला के बयान के आधार पर सकरी पुलिस ने आरोपित रूपेश के खिलाफ धारा 307 के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

अस्पताल में छोड़कर चले गए परिजन

इस घटना की खबर मिलते ही कल्पना के मायके वाले भी अस्पताल पहुंच गए। उनका आरोप है कि आरोपित रूपेश ने कल्पना को अस्पताल में भर्ती कराया। इस घटना के बाद रूपेश के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए थे। लेकिन, उसका उपचार कराने के बाद परिजन उसे छोड़कर भाग गए। महिला के परिजन ने रूपेश के माता-पिता पर भी प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं और उनके खिलाफ भी कार्रवाई करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *