कांकेर : बस्तर संभाग में भाजपा नेताओं की हत्या का सिलसिला थम नहीं रहा है। यहां चुनाव से पहले कई भाजपा नेताओं की हत्या कर दी गई। अब चुनाव के बाद भी हत्या का मामला नहीं रूक रहा है। कांकेर में पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष व भाजपा नेता असीम राय की हत्या कर दी गई।
घटना के बाद अब राजनीति गरम हो गई है। हत्या के विरोध में आज पखांजूर बंद कर दिया गया है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने सड़क जाम कर दिया है।

बता दें कि, रविवार रात भाजपा नेता असीम राय की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल और आईजी सुंदरराज पी मौके पर पहुंचे हुए हैं। आरोपियों की जांच चल रही है। पुलिस को एक सीसीटीवी फुटेज भी मिला है, जिसमें दो लोग हेलमेट पहने बाइक पर नजर आ रहे हैं। उस सीसीटीवी में कैद हुए बाइक सवार के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
कांग्रेस करेगी उग्र आंदोलन
छत्तीसगढ़ में बढ़ रहे अपराध को लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि, बीजेपी सरकार आने के बाद कानून व्यवस्था चरमरा गई है। अपराध बढ़ रहे हैं, पखांजूर में हत्या हुई, रायपुर में हत्याएं हो रही है। बीजेपी पहले इसे टारगेट किलिंग कहती थी तो अभी कौनसा किलिंग है। कांग्रेस इस पर जरूर मंथन करेगी और उग्र आंदोलन भी करेगी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने क्या कहा?
भाजपा नेता की हत्या पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कहा कि, पखांजूर के पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष एवं भाजपा जिला उपाध्यक्ष असीम राय जी की निर्मम हत्या की गई है। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूँ कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें। आपकी शहादत व्यर्थ नहीं जाएगी।
शोकसंतप्त परिजनों को दुःख की इस घड़ी में धैर्य रखने की प्रार्थना करता हूँ। विश्वास दिलाता हूं कि शासन-प्रशासन आपके साथ है। दोषियों को बख़्शा नहीं जाएगा।




Comments