
जैव विविधता व आदिवासी जीवनशैली व भोजन ने खूब लुभाया
गरियाबंद : उदंती–सीतानदी टाइगर रिज़र्व की खूबसूरती देखने इटली से पर्यटक गरियाबंद पहुंचे हुए थे। उदंती–सीतानदी टाइगर रिज़र्व में पिछले कुछ समय से पर्यटन में काफ़ी तेजी आई है। यहां की प्राकृतिक खूबसूरत वादियों को देखने लोग लगातार पहुंच रहे है और टाइगर रिज़र्व के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर रहे है। रिजर्व एरिया को लगातार संवारने का काम भी विभाग कर रही है। आज कई प्रयासों के बाद जिले की खूबसूरती देखने के लिए विदेशी पर्यटक भी पहुंच रहे हैं। अगोरा ईको टूरिज्म और नोवा नेचर एनजीओ एवं वन प्रबंधन समिति ओढ़ द्वारा आयोजित की गई ट्रेकिंग में 20 पर्यटकों ने भाग लिया, जिसमें 4 इटली के पर्यटकों ने भी हिस्सा लिया।

उदंती–सीतानदी टाइगर रिजर्व के उपनिदेशक वरुण जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि उक्त आयोजन बीते दिनों उदंती–सीतानदी के ओढ़ में किया गया था, जो अपनी प्राकृतिक सुंदरता के लिए जाना जाता है। बताया गया कि विदेशी पर्यटकों को इस ट्रेकिंग में उन्हें इस क्षेत्र के वन्य जीवों, जैव विविधता और आदिवासी जनजीवन के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही उन्होंने कोयबा, बूढ़ाराजा, बनियाधस जलप्रपात और तीरंदाजी का भी लुफ्त उठाया। इटली के पर्यटकों को यहां की जैव विविधता, आदिवासी जीवनशैली और भोजन ने बहुत लुभाया।

गौरतलब है कि गरियाबंद जिला चारों तरफ से वनों से घिरा हुआ है, यहां की प्राकृतिक सुंदरता बरबस ही लोगों को अपनी ओर आकर्षित करती है। वहीं बात करें उदंती–सीतानदी टाइगर रिजर्व की तो यहां भी प्राकृतिक वादियों के बीच वाटरफॉल और खूबसूरत नजारे देखते ही बनता है। ऐसे पर्यटन स्थलों को पर्यटकों के सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए बेहतर ढंग से सजाने और संवारने का काम विभाग कर रही है। जिससे कि यहां के पर्यटन स्थल इन दिनों पर्यटकों से गुलजार है।
.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)

Comments