राजनांदगांव : मत्स्य विभाग में हुए दो करोड़ 16 लाख रुपए की गड़बड़ी के मामले में शनिवार को विभाग की तत्कालीन सहायक संचालक गीतांजली गजभिए को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूर्व में मत्स्य विभाग के अधिकारियों के जांच के आधार पर कोतवाली पुलिस को शिकायत दी गई, इसके बाद मामला दर्ज कर लिया गया था। अब पुलिस ने आरोपी श्रीमती गतजभिए की गिरफ्तारी की है। बताया गया कि हितग्राही भुवन लाल द्वारा मछलीपालन विभाग राजनांदगांव को तत्कालीन सहायक संचालक मछलीपालन राजनांदगांव श्रीमती गीतांजली गजभिये द्वारा कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर योजना में प्राप्त राशि का दुरूपयोग करने संबंधी शिकायत दिया गया था।
शिकायत आवेदन की मछली पालन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा जांच कार्यवाही की गई। जांच में श्रीमती गजभिये द्वारा केज कल्चर मछलीपालन के लिए शासन से स्वीकृत राशि 2 करोड़ 16 लाख रुपए की स्वीकृति में हितग्राहियों के कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर प्रशासन को गुमराह कर स्वीकृति प्राप्त करते हुये विभाग को प्राप्त अनुदान राशि में अनियमितता एवं राशि का दुरूपयोग करना पाये जाने पर आरोपिया एवं सामग्री आपूर्तिकर्ता फर्मों के संचालकों के विरूद्ध अपराध धारा सदर पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
एफआईआर के बाद से तलाश जारी, पुलिस से हुई गिरफ्तार
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कोतवाली से आरोपी श्रीमती गजभिए की पतासाजी के लिए टीम गठित कर रवाना किया गया। गठित टीम द्वारा लगातार भिलाई, धमतरी, रायपुर, एवं बिलासपुर में कैम्प कर आरोपिया की पतासाजी किया जा रहा था। आरोपिया अपने निवास स्थान एवं कर्तव्य स्थल से घटना बाद फरार थी। सायबर तकनीकी सहायता एवं मुखबीर की सूचना पर बिलासपुर में घेराबंदी कर आरोपिया श्रीमति गीतांजलि गजभिये को हिरासत मे लेकर राजनांदगांव लाया गया। प्रकरण के संबंध मे पूछताछ किया गया जो जुर्म स्वीकार करने पर 27 जुलाई को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर माननीय न्यायालय पेश किया गया जहाँ जेल वारन्ट प्राप्त होने पर जेल भेजा गया।


Comments