डोंगरगढ़ : छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा राज्यभर में एक दिवसीय छत्तीसगढ़ बंद का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार की नीतियों की विफलता और प्रदेश में बढ़ते अपराधों के विरोध में आयोजित किया गया। इस बंद का मुख्य उद्देश्य हाल ही में हुए कवर्धा, लोहारीडीह, में दोहरे हत्याकांड, आगजनी की घटनाएं, और प्रशान्त साहू की पुलिस हिरासत में पीट-पीटकर हत्या जैसे गंभीर अपराधों की ओर प्रदेश सरकार का ध्यान आकर्षित करना था।
कांग्रेस पार्टी का आरोप है कि प्रदेश में लगातार बढ़ रहे हिंसक अपराध, पुलिस की बर्बरता और भाजपा सरकार की निष्क्रियता के कारण कानून-व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है। इन घटनाओं से जनता में आक्रोश बढ़ता जा रहा है, लेकिन सरकार अपनी जिम्मेदारियों से भाग रही है।
डोंगरगढ़ में आयोजित इस बंद कार्यक्रम में (छत्तीसगढ़ लोधी समाज के प्रदेश कोषाध्यक्ष एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता विष्णु लोधी) ने सक्रिय रूप से भाग लिया। कार्यक्रम में जनसमूह ने एकजुट होकर भाजपा सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया और जनता के सामने सरकार की असफलताओं को उजागर किया।
कांग्रेस पार्टी ने इस मौके पर प्रदेश के गृह मंत्री से नैतिकता के आधार पर इस्तीफे की मांग की। यह मांग प्रदेश में लगातार बढ़ रहे अपराधों, पुलिस के अत्याचार और सरकार की विफल कानून व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए की गई।
इस एक दिवसीय बंद के दौरान राज्यभर के कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शांतिपूर्ण तरीके से विरोध प्रदर्शन किए और जनता को भाजपा सरकार की विफलताओं के प्रति जागरूक किया साथ ही प्रदेश में बढ़ते अपराधों और पुलिसिया अत्याचार पर तुरंत रोक लगाई जाए और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो।
Comments