बिलासपुर : रेत और गिट्टी के अवैध व्यापार पर लगाम लगाने के लिए जिला प्रशासन और खनिज विभाग ने सख्त कदम उठाते हुए 23 नवंबर को सरकंडा के राजकिशोर नगर और मोपका क्षेत्र में आठ व्यापारियों को नोटिस जारी किया। इन व्यापारियों से खनिज वैधता संबंधी दस्तावेज पेश करने के लिए कहा गया है। यह कार्रवाई लगातार दूसरे दिन की गई है। विभाग के द्वारा अवैध खनन और व्यापार पर नजर रखी जा रही है। नोटिस जारी किए गए व्यापारियों को तय समयसीमा में वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। दस्तावेज न पेश करने की स्थिति में व्यापारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। खनिज विभाग के इस कदम से अवैध खनिज व्यापार में शामिल लोगों में हड़कंप मच गया है। विभाग के अनुसार, इस कार्रवाई का उद्देश्य न केवल अवैध गतिविधियों को रोकना है, बल्कि व्यापार में पारदर्शिता और खनिज नियमों के पालन को सुनिश्चित करना है।
नोटिस प्राप्त व्यापारियों की सूची:
पूजा ट्रेडर्स - फुलेश्वर साहू, अशोकनगर सरकंडा
बालाजी ट्रेडर्स - वरुण गुप्ता, अशोकनगर सरकंडा
सूर्यकांत साहू, अशोकनगर, सरकंडा
श्री साईं ट्रेडर्स - राज कश्यप, अशोकनगर सरकंडा
मां मावली ट्रेडर्स - विनोद कुमार साहू, बिरकोना
केशरी काम्प्लेक्स बालाजी ट्रेडर्स, राजकिशोर नगर
तनु स्टील - संदल राजपाल, राजकिशोर नगर
अभिषेक ट्रेडर्स - अभिषेक अग्रवाल, सीपत रोड मोपका
आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई
खनिज विभाग ने संकेत दिए हैं कि इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। यह सुनिश्चित किया जाएगा कि सभी व्यापारी वैध दस्तावेजों के साथ काम करें और अवैध गतिविधियों से बचें। प्रशासन का यह सख्त रुख न केवल व्यापारियों को नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करेगा, बल्कि अवैध खनिज व्यापार पर पूरी तरह लगाम लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।
वर्जन
अवैध खनिज व्यापार और भंडारण पर रोक लगाने के लिए विभाग सख्ती से कार्रवाई कर रहा है। जिन व्यापारियों को नोटिस दिया गया है, उनसे वैधता के दस्तावेज मांगे गए हैं। दस्तावेज प्रस्तुत न करने पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। यह कदम सुनिश्चित करता है कि खनिज व्यापार पारदर्शी और वैध तरीके से हो।
डा. दिनेश मिश्रा
उप संचालक, खनिज विभाग

Comments