लुटेरी दुल्हन गिरफ्तार, चार दिन पहले हुआ था गिरोह का पर्दाफाश

लुटेरी दुल्हन गिरफ्तार, चार दिन पहले हुआ था गिरोह का पर्दाफाश

नोएडा :  सूरजपुर कोतवाली पुलिस ने लुटेरी दुल्हन गिरोह की वांछित चल रही एक महिला सदस्य को गिरफ्तार किया है। वारदात को अंजाम देने के लिए महिला सदस्य दुल्हन बनती थी। लुटेरी दुल्हन की पहचान गली नंबर 14 जाकिर थाना क्वारसी जिला अलीगढ़ की 28 वर्षीय अनम उर्फ महविश उर्फ नेहा उर्फ सिमरन के रूप में हुई है।

पुलिस गिरोह में शामिल एक महिला समेत चार सदस्यों को गिरफ्तार कर पहले ही जेल भेज चुकी है। गिरोह में शामिल एक लुटेरी दुल्हन अभी भी फरार है। सूरजपुर कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि आरोपित महिला को लाइन फाटक के पास जमालपुर थाना क्वारसी जिला अलीगढ़ से गिरफ्तार किया गया है। ज्ञात हो कि बृहस्पतिवार को सूरजपुर कोतवाली पुलिस ने लुटेरी दुल्हन गिरोह की महिला समेत चार लोगों प्रदीप, आमिर, संतोष और मालती को गिरफ्तार कर मामले का पर्दाफाश किया था। गिरोह 2015 से सक्रिय है।

गिरोह में शामिल सदस्य ज्यादा उम्र के या फिर अविवाहित पुरुषों को निशाना बनाते थे। गिरोह में शामिल सदस्य प्रदीप महिला का रिश्तेदार बनकर अन्य सदस्यों के साथ मिलकर शादी तय करता था। इसके बाद 50 हजार से एक लाख रुपये तक दूल्हे पक्ष से लिए जाते थे।पैसा गिरोह में शामिल सदस्यों व दुल्हन बनी महिला के बीच बांटा जाता था। दुल्हन की विदाई करने के नाम पर रिश्तेदार बने गिरोह में शामिल सदस्य वापस चले आते थे। दुल्हन अपने साथ नकदी, जेवर व कीमती सामान भी ले आती थी।

गिरोह में शामिल एक और महिला सदस्य अंजली मथुरा में लुटेरी दुल्हन बनकर बैठी है। पुलिस दूसरी लुटेरी दुल्हन के काफी करीब पहुंच गई है। सूरजपुर कोतवाली प्रभारी ने बताया कि गिरोह में शामिल सदस्यों ने अभी कुछ दिनों पहले ही मथुरा के बाटी गांव निवासी एक व्यक्ति को झांसे में लेकर शादी रचाई है। दूसरी लुटेरी अंजली दुल्हन बनकर व्यक्ति के घर बैठी है। वह गिरोह में शामिल व लुटेरी दुल्हन गिरोह के सरगना प्रदीप की पत्नी है।

गिरोह के सदस्यों ने सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र से गायब एक युवती को शादी का झांसा देकर फंसाने का प्रयास किया था। युवती किसी बात पर नाराज होकर घर से अलीगढ़ चली गई थी। अलीगढ़ स्टेशन से गिरोह के सदस्य अपने घर ले आए थे। जिसके बाद गिरोह में शामिल होने का लालच दिया था। बाद में युवती और उसके भाई ने गिरोह के बारे में जानकारी पुलिस को दी थी।









You can share this post!


Click the button below to join us / हमसे जुड़ने के लिए नीचें दिए लिंक को क्लीक करे


Related News



Comments

  • No Comments...

Leave Comments