ब्लैक डायमंड कंपनी के लिए समर्पित होकर काम कर रहा राजस्व विभाग : दस एकड़ जंगल को किया नजरअंदाज

ब्लैक डायमंड कंपनी के लिए समर्पित होकर काम कर रहा राजस्व विभाग : दस एकड़ जंगल को किया नजरअंदाज

रायगढ़, 26 फरवरी :- खतरनाक रसायनों का इस्तेमाल कर खदानों के लिए विस्फोटक बनाने वाली कंपनी ब्लैक डायमंड एक्सप्लोसिव्स के लिए राजस्व विभाग पूरी तरह बिछ गया है। जितनी जल्दी कंपनी को नहीं है, उससे ज्यादा जल्दी एसडीएम दिखा रहे हैं। इधर ग्रामीण चिल्लाते रहे कि जमीन पर घना जंगल है, उधर एसडीएम ने डायवर्सन कर दिया है। रायगढ़ जिले में राजस्व विभाग केवल रसूखदारों, पैसेवालों, धन्नासेठों की चौखट पर खड़ा नजर आता है। गरीब आदमी कुछ भी कहे, उसका काम नहीं होता। धनबाद की एक कंपनी घरघोड़ा के डोकरबुड़ा में घने जंगलों से आच्छादित दस एकड़ जमीन खरीदती है तो जमीन दलाल उसके लिए पूरी डील करते हैं। एक जमीन को दो बार पलटी कर बेचा जाता है, जिसमें कंपनी के ही दो लोग शामिल हैं। सांसद राधेश्याम राठिया के गांव छर्राटांगर के पास स्थापित होने जा रहे विस्फोटक कारखाने के लिए दस एकड़ जंगल को बर्बाद करने में राजस्व विभाग पूरी मदद कर रहा है।

बिना अनुमति के बारूद फैक्ट्री लगाने ब्लैक डायमंड एक्सप्लोसिव्स कंपनी ने घरघोड़ा तहसील में डोकरबुड़ा में जमीन खरीदी। कंपनी मालिक आलोक खेतान के लिए प्रतीक वर्मा नामक व्यक्ति ने रजिस्ट्री करवाई। खसरा नंबर 206 रकबा 1.9430 हे., खनं 207/1 रकबा 1.5890 हे. और खनं 207/2 रकबा 0.8090 हे. को खरीद लिया है। 4.341 हे. भूमि का नामांतरण भी हो चुका है। कंपनी ने एसडीएम घरघोड़ा रमेश मोर के समक्ष डायवर्सन का आवेदन प्रस्तुत किया था लेकिन ग्रामीणों ने शिकायत कर दी। एसडीएम ने मामला ठंडा होने का इंतजार किया। जब मंगलवार को ग्रामीणों ने एसडीएम कार्यालय का घेराव किया तो पता चला कि रमेश मोर इसका डायवर्सन कर चुके हैं। डायवर्सन के लिए हल्का पटवारी ने जमीन पर जंगल होने की बात छिपाई है। रजिस्ट्री के समय भी पेड़ों की संख्या कम दिखाई गई है। लंबे समय से आपत्ति जताने के बावजूद एसडीएम ने कंपनी को लाभ पहुंचाने के लिए डायवर्सन कर दिया।

सांसद की चुप्पी के पीछे क्या है वजह

सांसद राधेश्याम राठिया के गांव छर्राटांगर और डोकरबुड़ा के ग्रामीण मंगलवार को घरघोड़ा एसडीएम कार्यालय पहुंचे थे। चार घंटे तक उनकी बात सुनने कोई अधिकारी नहीं पहुंचा। बताया जा रहा है कि ग्रामीणों की आपत्ति के बावजूद एसडीएम ने चुपचाप डायवर्सन कर दिया है। इसलिए अब जवाब देने में मुश्किल हो रही है। सांसद राधेश्याम राठिया को भी इसकी जानकारी है लेकिन वे भी ग्रामीणों के साथ खड़े नहीं हुए।

 

 

 

 

 

 










You can share this post!


Click the button below to join us / हमसे जुड़ने के लिए नीचें दिए लिंक को क्लीक करे


Related News



Comments

  • No Comments...

Leave Comments