नगर निगम धमतरी की सभापति बनी भाजपा पार्षद कौशिल्या देवांगन 

नगर निगम धमतरी की सभापति बनी भाजपा पार्षद कौशिल्या देवांगन 

धमतरी  : नगर निगम कार्यालय धमतरी के सभाकक्ष में छह मार्च की सुबह नगर निगम के सभापति पद के लिए चुनाव हुआ। भाजपा से सोरिद वार्ड में पहली बार पार्षद बनी कौशिल्या देवांगन को सभापति पद के लिए प्रत्याशी बनाया गया।

वहीं कांग्रेस से सभापति पद के लिए पूर्णिमा रजक को प्रत्याशी घोषित किया। दोनों प्रत्याशियों ने नामांकन जमा किया। फिर मतदान के लिए प्रकि्रया हुई और मतगणना में आए रिजल्ट के अनुसार भाजपा की उम्मीद्वार कौशिल्या देवांगन निगम सभापति निर्वाचित हुई।

नगर निगम के सभापति चुनाव में भाजपा प्रत्याशी कौशिल्या देवांगन को 33 मत पड़े और कांग्रेस प्रत्याशी रहीं पूर्णिमा रजक को सिर्फ आठ वोट पड़े। जबकि निगम में पांच निर्दलीय पार्षद भी हैं। पड़े वोट के अनुसार सभी निर्दलीय पार्षदों ने भाजपा के निगम सभापति प्रत्याशी कौशिल्या देवांगन को वोट दिया। महापौर रामू रोहरा ने भी सभापति चुनने के लिए अपना मतदान किया। इस तरह भाजपा के सभी 27 पार्षद, एक महापौर और पांच निर्दलीय पार्षदों को मिला दें, तो पूरा 33 वोट होता है। 25 मतों से विजयी होकर कौशिल्या देवांगन निगम सभापति बनी।

सभी 40 वार्डाें के पार्षदों ने वोट किया। निगम सभापति निर्वाचित होते ही समर्थकों और भाजपा कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों ने उनका गर्मजोशी से फूलमाला पहनाकर स्वागत किया। निगम सभापति पद के लिए निर्वाचित कौशिल्या देवांगन को महापौर रामू रोहरा समेत उनके समर्थकों की उपस्थिति में रिटर्निंग आफिसर ने प्रमाण पत्र प्रदान किया।

सभापति पद के लिए चुनाव शुरू होने से पहले भाजपा पार्टी से पहुंचे पर्यवेक्षक मोतीलाल साहू ने महापौर रामू रोहरा की मौजूदगी में सभापति पद के लिए पार्टी हाईकमान का लिफाफा खोला। पर्यवेक्षक ने कहा कि यह पार्टी हाई कमान का फैसला है। सभी को पार्टी के आदेशों का पालन करना है।

विकास व निर्माण उनकी पहली प्राथमिकता: बीए तक पढ़ाई करने वाली 31 वर्षीय कौशिल्या देवांगन अब निगम सभापति बन गई है। नवनिर्वाचित निगम सभापति कौशिल्या देवांगन ने कहा कि वे सभी दलों के पार्षदों को साथ लेकर चलेगी। शहर के सभी वार्डाें में विकास व निर्माण उनकी पहली प्राथमिकता होगी। वे पार्टी के विश्वास पर बेहतर कार्य करके खरा उतरेंगी। वे पहली बार पार्षद चुनकर आई है।










You can share this post!


Click the button below to join us / हमसे जुड़ने के लिए नीचें दिए लिंक को क्लीक करे


Related News



Comments

  • No Comments...

Leave Comments