बेमेतरा (साजा) टेकेश्वर दुबे : त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के बाद कांग्रेस को लगातार झटके लग रहे हैं। कांग्रेस पार्टी के जनप्रतिनिधि अब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नीतियों से प्रभावित होकर पार्टी छोड़ रहे हैं। इसी कड़ी में साजा विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के दिग्गज नेताओं में शामिल ग्राम पंचायत पिपरिया के नवनिर्वाचित सरपंच हेमलता धर्मेंद्र साहू और जनपद सदस्य नंदकुमार साहू ने भाजपा का दामन थाम लिया।
दोनों जनप्रतिनिधियों ने विधायक ईश्वर साहू के समक्ष भाजपा की सदस्यता ग्रहण की, जहां विधायक ने उन्हें भाजपा का गमछा पहनाकर पार्टी में स्वागत किया। इस अवसर पर विधायक ईश्वर साहू ने कहा कि भाजपा की नीतियों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व से प्रभावित होकर लोग लगातार पार्टी से जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का जनाधार लगातार कमजोर हो रहा है, क्योंकि जनता को अब भाजपा की जनहितैषी योजनाओं पर भरोसा है।
भाजपा में शामिल हुए नेताओं ने कहा कि उन्होंने जनता की सेवा और विकास कार्यों को ध्यान में रखते हुए भाजपा की सदस्यता ग्रहण की है। उनका मानना है कि भाजपा ही क्षेत्र के विकास कर सकता है।
Comments