दंतेवाड़ा : जिले में नगरनार से बचेली के बीच चल रहे एनएमडीसी स्लरी पाइपलाइन प्रोजेक्ट एक बार फिर विवादों में है। ठेकेदार कंपनी एलएंडटी की लापरवाही के कारण एक दुखद हादसे में मासूम बच्चे की जान चली गई। बीते दिन शाम स्कूल से घर लौट रहे दो बच्चे पाइपलाइन के लिए खोदे गए गड्ढे में गिर गए, जिसमें एक बच्चे, डिकेश्वर ठाकुर, की मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों का आरोप है कि कंपनी ने न तो गड्ढों के पास चेतावनी बोर्ड लगाए, न ही सुरक्षा के लिए गार्ड तैनात किए। पहले भी इस स्थान पर जलभराव के कारण एक बच्चा गड्ढे में गिरकर घायल हो चुका है।
ये भी पढ़े : मुखिया के मुखारी - हम आपके हैं कौन बनते
इस मामले को गंभीरता से लेते हुए महिला कांग्रेस की प्रदेश उपाध्यक्ष और गीदम ब्लॉक से जिला पंचायत सदस्य सुलोचना कर्मा ने रविवार को हाऊरनार पंचायत पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की और दुर्घटना स्थल का निरीक्षण किया। मृतक डिकेश्वर की मां को सांत्वना देते हुए सुलोचना ने भरोसा दिलाया कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
सुलोचना कर्मा ने बयान जारी कर कहा, “यह बच्चा अपने परिवार का इकलौता बेटा था, जो कंपनी की लापरवाही के कारण आज हमारे बीच नहीं है। पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा मिलना चाहिए और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।” उन्होंने बताया कि जल्द ही ग्रामीणों के साथ मिलकर एफआईआर दर्ज कराई जाएगी और खुले गड्ढों को तत्काल भरने का निर्देश दिया जाएगा, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों।
सुलोचना ने बाहरी कंपनियों की लापरवाही पर सवाल उठाते हुए कहा, “ग्रामीणों को ऐसी लापरवाही का खामियाजा नहीं भुगतना पड़ेगा। हम इस मामले को उच्च स्तर तक ले जाएंगे और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।”स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन और कंपनी के खिलाफ आक्रोश जताया और मांग की कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए तत्काल कदम उठाए जाएं।
ये भी पढ़े : छत्तीसगढ़ में कृषि भूमि के बाजार मूल्य निर्धारण के नियमों में बड़ा बदलाव
.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)

Comments