बेमेतरा टेकेश्वर दुबे : जिला कलेक्टर रणबीर शर्मा के निर्देशानुसार तथा उपसंचालक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन बेमेतरा के मार्गदर्शन में दीपावली त्यौहार के मद्देनज़र जिले में मिठाइयों एवं दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता जांच के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत 13 एवं 14 अक्टूबर 2025 को चलित खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला द्वारा जिले के विभिन्न प्रतिष्ठानों से कुल 134 खाद्य नमूने संकलित किए गए। इनमें जोधपुर स्वीट्स, लक्की स्वीट्स, मारवाड़ी भोजनालय, सरस्वती गुजराती स्वीट्स, केशरवानी स्वीट्स (दाढ़ी), बजरंग स्वीट्स, हरिओम जोधपुर स्वीट्स (थानखम्हरिया), अग्रवाल होटल, योगराज स्वीट्स, जय मां करणी बीकानेर स्वीट्स (साजा), आशीर्वाद नाश्ता सेंटर एवं गुपचुप कॉर्नर, देवांगन भोजनालय (परपोड़ी), बीकानेर स्वीट्स, गुप्ता स्वीट्स, यदु स्वीट्स आदि फर्म शामिल थीं।
ये भी पढ़े : मुखिया के मुखारी - कलमवीर अब दस्यु सरदार बन गए
जांच के दौरान मौके पर किए गए परीक्षण में 08 नमूने अमानक स्तर के पाए गए, जिनमें असुरक्षित व अवमानक मिठाइयाँ होने के कारण उन्हें मौके पर ही नष्ट कराया गया। इसके अतिरिक्त सोयाबीन खाद्य तेल, बिस्किट, डालडा, खोवा, बरफी, खोवा जलेबी, चायपत्ती तथा मक्का पोहा के 08 नमूने गुणवत्ता जांच हेतु खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला को भेजे गए हैं। खाद्य सुरक्षा दल द्वारा निरीक्षण के दौरान फर्म संचालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए, जिनमें अखबारी कागज का उपयोग बंद करने, हैण्ड ग्लव्स एवं हेड वियर का प्रयोग करने, वेज व नॉनवेज खाद्य पदार्थों को पृथक कंटेनरों में रखने, मिठाइयों को ढंककर स्वच्छ दशा में रखने, तथा केवल एफएसएसएआई से अनुमोदित खाद्य रंगों का उपयोग करने के निर्देश शामिल हैं।
साथ ही जनसामान्य से अपील की गई है कि वे दीपावली के अवसर पर मिठाई या दुग्ध उत्पाद खरीदते समय उसकी निर्माण तिथि एवं अवसान तिथि अवश्य जांचें, तथा केवल स्वीकृत एवं स्वच्छ प्रतिष्ठानों से ही मिठाइयाँ क्रय करें | इस अभियान का उद्देश्य दीपावली पर्व के दौरान नागरिकों के स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करना एवं खाद्य वस्तुओं की गुणवत्ता पर निगरानी बनाए रखना है।
.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)

Comments