राजनीतिक वर्चस्व और जमीन के धंधे की लड़ाई,कांग्रेस नेता अकबर खान गिरफ्तार

राजनीतिक वर्चस्व और जमीन के धंधे की लड़ाई,कांग्रेस नेता अकबर खान गिरफ्तार

बिलासपुर: बिलासपुर में राजनीतिक वर्चस्व और जमीन के धंधे की लड़ाई के चलते कांग्रेस नेता की हत्या की साजिश में कांग्रेस नेता अकबर खान को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं, हत्या कराने के लिए कांग्रेस नेता तारकेश्वर पाटले और नागेंद्र राय ने सुपारी दी थी। पुलिस नागेंद्र राय के साथ ही तारकेश्वर पाटले की भी तलाश कर रही है। हालांकि, दोनों पुलिस पकड़ से बाहर है। इधर, पुलिस ने हमले के मास्टर माइंड विश्वजीत अनंत, उसके भाई व समेत चार आरोपियों से पिस्टल-कट्‌टा बरामद की है।

दरअसल, मस्तूरी जनपद उपाध्यक्ष नीतेश सिंह के कार्यालय में बीते मंगलवार की देर शाम नकाबपोश शूटरों ने अंधाधुंध गोलियां बरसाईं। इस फायरिंग के दौरान मौके पर मौजूद मुड़पार के पूर्व सरपंच चंद्रकांत सिंह के हाथ और एक अन्य रिश्तेदार राजकुमार सिंह उर्फ ‘राजू सिंह’ के पैर में दो गोलियां लगीं। वहीं एक गोली पीठ को छूकर निकल गई। बचाव में जब नीतेश ने अपने लाइसेंसी पिस्टल से रिटर्न फायर किया, तो शूटर भाग निकले। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। इसके बाद घायल चंद्रकांत सिंह (55) और राजू सिंह (45) को अपोलो अस्पताल ले जाया गया।

ये भी पढ़े : मुखिया के मुखारी - कलमवीर अब दस्यु सरदार बन गए 

इस वारदात के बाद पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए 24 घंटे के भीतर सभी शूटर सहित मास्टर माइंड विश्वजीत को पकड़ लिया। जिसके बाद इन आरोपियों से पूछताछ की गई। कांग्रेस नेता नीतेश की हत्या की साजिश की जांच और आरोपियों से पूछताछ के लिए चार आरोपियों को पुलिस रिमांड पर लिया गया। इस दौरान सभी से लगातार पूछताछ की गई। इनसे जानकारी ली जा रही है कि पिस्टल-कट्‌टा और कारतूस कहां से मिला।

एसएसपी रजनेश सिंह ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ के दौरान कई अहम जानकारियां मिली है। गोलीकांड से पहले आरोपी विश्वजीत ने श्रीकांत वर्मा मार्ग पर कांग्रेस नेता अकबर खान के साथ मीटिंग हुई थी, जिसका पुलिस ने सीसीटीवी वीडियो भी जब्त किया है। जांच में पता चला है कि अकबर खान अपने करीबी विश्वजीत के माध्यम से मस्तूरी क्षेत्र में जमीन का कारोबार करता था। उसके खिलाफ साक्ष्य मिलने पर उसे गिरफ्तार किया गया है।

एसएसपी रजनेश सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों और कांग्रेस नेता तारकेश्वर पाटले व नागेंद्र राय के साथ करीबी संबंध रहा है। इसी आधार पर पुलिस ने उनसे पूछताछ की और कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। जिसमें कांग्रेस नेता नीतेश की हत्या की साजिश में तारकेश्वर पाटले और नागेंद्र राय के शामिल होने की जानकारी मिली है। इस घटना के मास्टर माइंड विश्वजीत को तारकेश्वर पाटले ने शूटर्स को देने के लिए एक लाख रुपए उपलब्ध कराए। जबकि, नागेंद्र राय भी हत्या की प्लानिंग में शामिल रहा। इसी आधार पर पुलिस दोनों आरोपियों की तलाश कर रही है। हालांकि, तारकेश्वर और नागेंद्र राय पुलिस गिरफ्त से बाहर है।

गिरफ्तार आरोपी व सरगना विश्वजीत अनंत, उसके भाई और अन्य आरोपियों से पूछताछ के बाद पुलिस ने उनकी निशानदेही पर पांच पिस्टल बरामद किया है। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने पिस्टल को हाईवे के आसपास छिपाकर रखा था। हालांकि, अभी यह पता नहीं चला है कि आरोपियों ने इतनी बड़ी मात्रा में पिस्टल, कट्‌टा और कारतूस कहां से जुटाए थे। यह माना जा रहा है कि विश्वजीत का उत्तरप्रदेश के मवेशी तस्करों से संबंध रहा है। ऐसे में वो उत्तरप्रदेश से पिस्टल और कट्‌टा लेकर आया होगा। हालांकि, पुलिस हथियार उपलब्ध कराने वालों की भी जानकारी जुटा रही है।









You can share this post!


Click the button below to join us / हमसे जुड़ने के लिए नीचें दिए लिंक को क्लीक करे


Related News



Comments

  • No Comments...

Leave Comments