बीजापुर : बस्तर से नक्सलवाद समाप्त करने के लिए फोर्स ने अंतिम अभियान की तैयारी पूरी कर ली है। तय टाइमलाइन के अनुसार 1 अप्रैल 2026 तक बस्तर को नक्सल मुक्त बनाना है। अब निर्णायक लड़ाई बीजापुर से शुरू होगी। तेलंगाना-महाराष्ट्र बॉर्डर से सटे गांवों और टाइगर रिजर्व क्षेत्र के इलाकों में ऑपरेशन की योजना है। फोर्स ने 50 गांवों को फोकस किया है, जहां नक्सलियों को सरेंडर या एनकाउंटर — दो ही विकल्प होंगे। इस मिशन के लिए चार जिलों से डीआरजी के चुनिंदा जवान बुलाए गए हैं और सभी की छुट्टियां निरस्त कर दी गई हैं। सूत्रों के अनुसार यह ऑपरेशन जल्द शुरू होगा और राज्य व केंद्र दोनों गृह मंत्रालय इससे जुड़े हैं। बारिश के दौरान कई बड़े नक्सल मारे गए थे, अब फोर्स बेस खत्म करने अभियान चलाएगी।
कोंडागांव : केशकाल नगर से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-30 की दुर्दशा से जनता का सब्र टूट गया है। व्यापारी संगठनों ने 5 और 8 नवंबर को नगर बंद की चेतावनी दी है। सड़क पर गड्ढों, कीचड़ और धूल से लोग त्रस्त हैं, एम्बुलेंस और ट्रक चालकों को भारी परेशानी हो रही है। न्यायालय के संज्ञान के बावजूद मरम्मत कार्य में टालमटोल जारी है। व्यापारी संघ ने कहा कि बस्तर संभाग की लाइफलाइन कही जाने वाली यह सड़क अब जानलेवा हो गई है, पर जनप्रतिनिधि मौन हैं।
ये भी पढ़े : मुखिया के मुखारी - कलमवीर अब दस्यु सरदार बन गए
दंतेवाड़ा। जिले में बस्तर ओलंपिक की ब्लॉक स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं की शुरुआत परचेली, बालूद, भांसी और जावंगा में हुई। विधायक चैतराम अटामी और जिपं अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी ने कहा कि ये आयोजन पूर्व नक्सल प्रभावित युवाओं को मुख्यधारा में लाने का माध्यम हैं। जिले में 42,405 प्रतिभागियों ने 14,000 से अधिक पंजीकरण के साथ खेलों में भाग लिया। पिता-पुत्र और माता-पुत्री की सहभागिता से आयोजन सामाजिक एकता का संदेश दे रहा है। ओलंपिक से गांवों में खेल संस्कृति का विकास हो रहा है और यह मंच युवाओं को पहचान और प्रोत्साहन दे रहा है। पूरे क्षेत्र में लोकनृत्य और खेलों ने वातावरण उत्सवमय कर दिया।
वन्यजीवों की गणना 7 साल से बंद, बस्तर के जंगल हो रहे सूने
बस्तर। बस्तर के जंगलों में वन्यजीवों की संख्या में तेजी से गिरावट आई है। 2018 के बाद से विभाग ने कोई गणना नहीं की, जिसके कारण वास्तविक स्थिति अज्ञात है। कभी हजारों बाघ, तेंदुए, गौर, भालू और चीतल वाले इन जंगलों में अब सन्नाटा है। वन्य भूमि पर अतिक्रमण, शिकार और माटी तिहार जैसे अवसरों पर सामूहिक शिकार से हालात बिगड़े हैं। 2002 में जहां 108 बाघ और 288 तेंदुए दर्ज थे, अब विभाग के पास कोई अद्यतन आंकड़ा नहीं है। लाखों रुपये खर्च कर लगाए गए कैमरे भी बेअसर रहे। विशेषज्ञों के अनुसार यह स्थिति बस्तर की जैव विविधता के लिए गंभीर खतरा है।
सिंधी समाज का विरोध प्रदर्शन, 6 नवंबर को बंद का आह्वान
जगदलपुर। सिंधी समाज ने जगदलपुर सिटी कोतवाली चौक पर धरना देकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। समाज ने छत्तीसगढ़ क्रांति सेना प्रमुख अमित बघेल द्वारा देवी-देवताओं और सिंधी समाज पर की गई अभद्र टिप्पणी पर 48 घंटे में कार्रवाई नहीं होने पर 6 नवंबर को शहर बंद की चेतावनी दी है। प्रदर्शन को कई समाजों का समर्थन मिला है, जिनमें अग्रवाल, जैन, माहेश्वरी, पंजाबी, गुजराती और विश्व हिंदू परिषद शामिल हैं। वक्ताओं ने कहा कि धार्मिक भावनाओं का अपमान किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
दलपत सागर मार्ग पर दुर्घटनाओं में वृद्धि, बैरिकेटिंग की मांग
जगदलपुर। जगदलपुर के दलपत सागर मार्ग को चौड़ा किए जाने के बाद यहां ट्रैफिक और दुर्घटनाएं दोनों बढ़ गई हैं। भारी वाहनों के दबाव से यह मार्ग अब बाईपास की तरह उपयोग में आने लगा है। हाल में एक दुपहिया सवार की मौत के बाद नागरिकों ने तालाब किनारे बैरिकेटिंग की मांग तेज कर दी है। लगभग डेढ़ किलोमीटर लंबा यह मार्ग धरमपुरा और आसपास के गांवों को जोड़ता है। नगरवासी कहते हैं कि प्रशासन ने अभी तक कोई सुरक्षा इंतजाम नहीं किए हैं, जिससे यह मार्ग हादसा ज़ोन बन चुका है।
मल्टी स्टोरी पार्किंग के लिए कांग्रेस का हस्ताक्षर अभियान
जगदलपुर। बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी ने प्रतापदेव वार्ड की शासकीय भूमि में मल्टी स्टोरी पार्किंग निर्माण की मांग को लेकर हस्ताक्षर अभियान शुरू किया है। नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष राजेश चौधरी ने कहा कि जनता इस योजना के पक्ष में है लेकिन नगर सरकार मनमानी कर रही है। कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि पार्किंग निर्माण से यातायात व्यवस्था सुधरेगी और शहर का व्यावसायिक क्षेत्र व्यवस्थित होगा। अभियान को नागरिकों का भारी समर्थन मिल रहा है।
ये भी पढ़े : भूकंप ने अफगानिस्तान में मचाई तबाही,20 लोगों की मौत,भारत ने भेजी मदद
अनुति तेन्नेटी ने जीता राज्य स्तरीय बैडमिंटन में कांस्य पदक
जगदलपुर। जगदलपुर की अनुति तेन्नेटी ने अंबिकापुर में हुई राज्य स्तरीय विद्यालयीन बैडमिंटन प्रतियोगिता में अंडर-14 वर्ग में कांस्य पदक हासिल किया है। वह अब दिसंबर में मध्यप्रदेश में होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगी। अनुति पिछले पांच वर्षों से कोच क्रिस क्रिस्टोफर से प्रशिक्षण ले रही हैं। बस्तर बैडमिंटन संघ ने उन्हें और उनके कोच को बधाई दी है। अनुति संभाग से चयनित होने वाली एकमात्र खिलाड़ी हैं।
जगदलपुर : छत्तीसगढ़ सहकारी समिति कर्मचारी महासंघ एवं समर्थन मूल्य धान खरीदी कंप्यूटर ऑपरेटर संघ ने अपनी चार सूत्रीय मांगों को लेकर पुरानी कृषि उपज मंडी, जगदलपुर में अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि मांगें नहीं मानी गईं तो धान खरीदी का बहिष्कार करेंगे। संघ ने बताया कि 2058 सहकारी समितियों को मार्कफेड की पेनाल्टी नीति और धान परिवहन में देरी के कारण आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। जिसके चलते कर्मचारियों को महीनों वेतन नहीं मिल पाता। कर्मचारियों की मांग है कि धान खरीदी के शेष स्टॉक का भुगतान किया जाए, आउटसोर्सिंग खत्म कर ऑपरेटरों का नियमितीकरण हो, साथ ही सुरक्षा व्यय और प्रबंधकीय अनुदान बढ़ाया जाए। आंदोलनकारियों ने 12 नवंबर से प्रदेशव्यापी आंदोलन की चेतावनी दी है।



Comments