गरियाबंद : भारतीय जनता पार्टी गरियाबंद जिला संगठन में पदाधिकारियों की घोषणा के बाद से ही अंदरूनी घमासान तेज हो गया है। वरिष्ठ कार्यकर्ता एवं पूर्व जिला मंत्री चमार सिंह पात्र ने नियम विरुद्ध नियुक्तियों को लेकर प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, संगठन मंत्री पवन साय और क्षेत्रीय संगठन मंत्री अजय जामवाल को शिकायत भेजी है। संगठन में पुराने कार्यकर्ताओं की उपेक्षा और पक्षपातपूर्ण रवैये को लेकर असंतोष चरम पर है।
देवभोग, गोहरापदार, कांदाडोगर, मैनपुर, छुरा और मलेवा मंडल के कार्यकर्ताओं ने जिला संगठन की नियुक्तियों को लेकर खुलकर नाराजगी जताई है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि जिला अध्यक्ष अनिल चंद्राकर की कार्यशैली नियमविरोधी और पक्षपातपूर्ण होती जा रही है।
ये भी पढ़े : मुखिया के मुखारी - लाली मेरे लाल की,जित देखूँ तित लाल....
सबसे बड़ा विवाद कोपरा मंडल की कार्यकारिणी को लेकर है। यहां 46 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्ति को मंडल अध्यक्ष बना दिया गया है, जो पार्टी के राष्ट्रीय संगठन के दिशा-निर्देशों के खिलाफ है। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि जिलाध्यक्ष ने अपनी पसंद के व्यक्ति को पद दिलाने के लिए नियमों की अनदेखी की।
खड़मा मंडल के कार्यकर्ताओं ने महामंत्री गुलशन सिन्हा की शिकायत जिलाध्यक्ष के पास की थी, जिसके बाद उन्हें हटाकर पुरषोत्तम गोस्वामी की नियुक्ति की गई। इसी तरह गरियाबंद मंडल में महामंत्री परस देवांगन की जगह टिंकू ठाकुर को जिम्मेदारी सौंपी गई।
हालांकि, मैनपुर मंडल में महामंत्री महेश कश्यप को लेकर विवाद खत्म नहीं हुआ है। उन्हें नाबालिग छेड़छाड़ के मामले में अदालत से पांच साल की सजा हो चुकी है, फिर भी अब तक नए महामंत्री की नियुक्ति नहीं हुई है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि यह जिलाध्यक्ष की मनमानी का उदाहरण है।
हाल ही में आत्मनिर्भर कार्यक्रम के दौरान संगठन मंत्री पवन साय के गरियाबंद दौरे पर भी असंतोष झलका था। उस समय चमार सिंह पात्र देवभोग क्षेत्र की समस्याएं उठाने पहुंचे थे, लेकिन उन्हें पुलिस ने थाने में उठा लिया था। बाद में माली समाज के विरोध के बाद उन्हें छोड़ा गया। इस घटना से देवभोग क्षेत्र के कार्यकर्ता आज भी नाराज हैं।
कार्यकर्ताओं का कहना है कि प्रदेश संगठन को सारी जानकारी होने के बावजूद जांच रुकी हुई है। शिकायतें दर्ज हैं, लेकिन कार्रवाई का इंतजार अब भी जारी है। इससे कार्यकर्ताओं में असंतोष और बढ़ गया है।
जिलाध्यक्ष अनिल चंद्राकर का कहना है कि मैनपुर मंडल महामंत्री महेश कश्यप को पदमुक्त किया जा चुका है और नए महामंत्री की नियुक्ति के लिए मंडल अध्यक्ष से प्रस्ताव मांगा गया है। प्रस्ताव मिलते ही नए महामंत्री की नियुक्ति की जाएगी। प्रदेश भाजपा महामंत्री नवीन मार्कण्डेय ने बताया कि इस पूरे मामले की जानकारी जिला अध्यक्ष की ओर से प्रदेश संगठन को नहीं भेजी गई है।



Comments