परमेश्वर राजपूत, गरियाबंद / छुरा : गरियाबंद जिले के नवनिर्वाचित कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुखचंद बेसरा के प्रथम छुरा आगमन पर कांग्रेसजनों ने जोरदार स्वागत किया। उनके आगमन को लेकर सुबह से ही कार्यकर्ताओं में उत्साह दिखाई दिया। जैसे ही बेसरा का काफिला स्वर्ण जयंती चौक पहुंचा, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं, नारों और तिरंगे झंडों के साथ उनका भव्य स्वागत किया। स्वागत समारोह में स्थानीय पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
स्वागत के बाद बेसरा सीधे शीतला माता मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने विधिविधान के साथ पूजा-अर्चना कर जिले की तरक्की, संगठन की मजबूती और आपसी एकजुटता के लिए आशीर्वाद मांगा। मंदिर परिसर में कार्यकर्ताओं ने उनके साथ मुलाकात कर उन्हें बधाई दी तथा जिले में संगठन के विस्तार व सक्रियता पर चर्चा की।
ये भी पढ़े : मुखिया के मुखारी -पक्ष -विपक्ष मस्त,छत्तीसगढ़िया पस्त है
इसके पश्चात वे छुरा नगर स्थित विश्राम गृह पहुंचे, जहां आयोजित सभा में उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस ने उन पर जो भरोसा जताया है, उसे वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ निभाएंगे। उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत करना, जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं को जोड़ना और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष करना ही उनकी प्राथमिकता रहेगी।
बेसरा ने कहा कि कांग्रेस विचारधारा सेवा और समर्पण की पहचान है, इसलिए संगठन का हर कार्यकर्ता जनता के बीच रहकर उनकी आवाज बने।
सभा में स्थानीय पदाधिकारी, वरिष्ठ नेता, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस सहित विभिन्न प्रकोष्ठों के सदस्यों की उपस्थिति रही। पूरे कार्यक्रम के दौरान छुरा नगर में कांग्रेसजनों में भारी उत्साह और जोश देखने को मिला।

Comments