रायपुर : नए साल के पहले दिन यानी 1 जनवरी 2026 को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मंत्रालय में अफसरों की अहम बैठक लेंगे। यह बैठक सुबह 11.30 बजे शुरू होगी। बैठक में सभी सचिवों के साथ विभागाध्यक्षों को भी बुलाया गया है। इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग ने आदेश जारी किया है। जारी आदेश में कहा गया है कि मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श आयोजित किया गया है। बैठक में शासन की प्राथमिकताओं, भावी कार्ययोजनाओं और सुशासन से जुड़े विषयों पर चर्चा होगी। यह संवाद कार्यक्रम शासन के कार्यों को और अधिक प्रभावी और परिणामोन्मुखी बनाने की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है।
सामाजिक सद्भावना बैठक में शामिल होंगे मोहन भागवत
रायपुर। आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के छत्तीसगढ़ दौरे का तीसरा दिन है। वे आज वीआईपी रोड रायपुर स्थित राम मंदिर परिसर में आयोजित सामाजिक सद्भावना बैठक में शामिल होंगे। इस बैठक में समाज के अलग-अलग वर्गों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। बैठक में सामाजिक समरसता और समकालीन विषयों पर चर्चा की जाएगी। बैठक में सभी समाज और समुदायों के प्रमुख, सामाजिक संगठन, बुद्धिजीवी वर्ग को आमंत्रित किया गया है।
भोरमदेव कॉरिडोर का होगा भूमिपूजन
रायपुर। छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध धार्मिक एवं ऐतिहासिक पर्यटन स्थल भोरमदेव के लिए नया वर्ष 2026 एक ऐतिहासिक उपलब्धि के साथ प्रारंभ होने जा रहा है। लगभग 146 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाली ‘भोरमदेव कॉरिडोर विकास परियोजना’ का भूमिपूजन 01 जनवरी को संपन्न होगा। यह महत्वाकांक्षी परियोजना भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय की स्वदेश दर्शन योजना 2.0 के अंतर्गत स्वीकृत की गई है। इस परियोजना का भूमिपूजन केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के करकमलों से मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की गरिमामय उपस्थिति में होगा। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा एवं अरुण साव, पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन, सांसद संतोष पाण्डेय समेत अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे।
ये भी पढ़े : मुखिया के मुखारी -पक्ष -विपक्ष मस्त,छत्तीसगढ़िया पस्त है
रायपुर में निकाली जाएगी हेलमेट बाइक रैली
रायपुर। सड़क सुरक्षा माह के तहत आज रायपुर में हेलमेट बाइक रैली का आयोजन किया जाएगा। सुबह 10 बजे छग महतारी चौक से बाइक रैली निकाली जाएगी। इस दौरान आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जाएगा। बता दें कि यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए एक महीने तक कई कार्यक्रम चलाए जाएंगे। इस अभियान के तहत यातायात नियमों के पालन करने वाले नागरिकों को सम्मानित भी किया जाएगा।
खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स की मशाल गौरव यात्रा हरी झंडी दिखांगे साव
रायपुर। खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स की मशाल गौरव यात्रा को आज खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव हरी झंडी दिखाएंगे। सुबह 10:30 बजे नया रायपुर स्थित मंत्री के शासकीय निवास में कार्यक्रम आयोजित किया गया है। बता दें कि पहली बार छत्तीसगढ़ खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स की मेजबानी करने जा रहा है। मशाल गौरव यात्रा के माध्यम से खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स का प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
साई मंदिर में जरूरतमंदों के लिए रक्तदान आज
दुर्ग। संस्था सन्ना ब्लड सेंटर भिलाई द्वारा नए वर्ष के उपलक्ष्य पर 1 जनवरी को सिविल लाईन कसारीडीह स्थित साई मंदिर में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया है। शिविर सुबह 10 बजे से शुरू होकर शाम 5 बजे तक चलेगा। शिविर में रक्तदाताओं को प्रोत्साहन देने के लिए हेलमेट, बैग व प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मान किया जाएगा।
मैत्री बाग में फूड कोर्ट तैयार, आज से लुत्फ उठाएंगे सैलानी
भिलाई। बीएसपी द्वारा संचालित मैत्री बाग में नया फूड कोर्ट तैयार कराया गया है। अंदर प्रगति मीनार के सामने इस फूड कोर्ट का निर्माण कराया गया है। इंचार्ज के अनुसार फूड कोर्ट में आगंतुकों के लिए चाउमीन, पनीर चिली, पास्ता, सैंडविच आदि लोकप्रिय खाने की वस्तुएं उपलब्ध रहेंगी। यही नहीं मैत्री बाग में अब मुख्य प्रवेश द्वार के समीप और जू प्रवेश के सामने भी नए फूड एवं सर्विस काउंटर लगाए गए हैं, ताकि पर्यटकों के लिए मैत्री बाग अधिक आनंददायक बन सके।

Comments