बलौदाबाजार : छत्तीसगढ़ शासन के मुख्यमंत्री साय सरकार एवं मुख्य सचिव छत्तीसगढ़ शासन द्वारा प्रदेश के शासकीय कर्मचारियों और अधिकारियों के हित में एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए महंगाई भत्ता में 3 प्रतिशत की वृद्धि किए जाने पर कर्मचारियों में हर्ष का माहौल है। इस निर्णय के तहत अब कर्मचारियों को 55 प्रतिशत के स्थान पर 58 प्रतिशत महंगाई भत्ता प्राप्त होगा। यह निर्णय बढ़ती महंगाई के दौर में कर्मचारियों के लिए राहत भरा कदम माना जा रहा है।महंगाई भत्ता वृद्धि के इस निर्णय पर छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन, जिला शाखा बलौदाबाजार द्वारा शासन के प्रति आभार व्यक्त किया गया। फेडरेशन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने इसे कर्मचारियों की लंबे समय से चली आ रही मांगों की दिशा में एक सकारात्मक पहल बताया।
इस अवसर पर फेडरेशन के जिला संयोजक डॉ. एल.एस. ध्रुव के नेतृत्व में आयोजित बैठक में कर्मचारियों ने शासन के निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि महंगाई भत्ता बढ़ने से कर्मचारियों की आर्थिक स्थिति को मजबूती मिलेगी तथा दैनिक आवश्यकताओं को पूरा करने में सहायता मिलेगी।फेडरेशन के जिला अध्यक्ष अविनाश तिवारी, प्रकाश तिवारी, डॉ. रोशन देवांगन, डॉ. पवन कुर्रे, सुरेश कुमार पैकरा, राम शंकर कंवर, विनोद कुर्रे, कामेश धनगर, मनोज दुबे, संतोष वैष्णव, संतोष साहू, विजय कुमार साहू, कामता जांगड़े, संजय कुमार यदु, गुहत राम महेश्वरी, भीम सेन, टिकराम यादव, शत्रुघन यादव सहित अन्य पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने संयुक्त रूप से शासन को धन्यवाद ज्ञापित किया।
ये भी पढ़े : मुखिया के मुखारी -पक्ष -विपक्ष मस्त,छत्तीसगढ़िया पस्त है
कर्मचारियों की शेष मांगों पर भी अपेक्षा
फेडरेशन के जिला संयोजक डॉ. एल.एस. ध्रुव ने कहा कि महंगाई भत्ता वृद्धि से कर्मचारियों में सकारात्मक ऊर्जा का संचार हुआ है, लेकिन अभी भी कर्मचारियों से जुड़ी कई महत्वपूर्ण मांगें लंबित हैं। उन्होंने शासन से आग्रह किया कि कर्मचारियों की शेष 10 मांगों पर भी सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए शीघ्र निर्णय लिया जाए, ताकि कर्मचारियों का मनोबल और अधिक सुदृढ़ हो सके।
उन्होंने यह भी कहा कि छत्तीसगढ़ शासन द्वारा कर्मचारियों के हित में लिए जा रहे फैसले प्रदेश के प्रशासनिक ढांचे को मजबूत करने में सहायक सिद्ध होंगे। कर्मचारी संतुष्ट होंगे तो शासन की योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन भी सुनिश्चित हो सकेगा।
सकारात्मक पहल का स्वागत
फेडरेशन के पदाधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में शासन कर्मचारियों की अन्य मांगों पर भी गंभीरता से विचार करेगा। उन्होंने यह भी कहा कि कर्मचारी सदैव शासन के विकास कार्यों में सहभागी रहे हैं और आगे भी पूर्ण निष्ठा एवं ईमानदारी से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते रहेंगे।अंत में फेडरेशन की ओर से मुख्यमंत्री एवं मुख्य सचिव को एक बार पुनः धन्यवाद देते हुए कर्मचारियों के हित में इसी प्रकार के जनहितैषी निर्णय भविष्य में भी लिए जाने की अपेक्षा जताई गई।

Comments