रायगढ़: लैलूंगा पुलिस ने गैर इरादतन हत्या के गंभीर मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा है। यह कार्रवाई थाना लैलूंगा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खम्हार में हुई घटना से संबंधित है, जिसमें जंगली सुअर फसाने के लिए खेत में करंटयुक्त तार लगने से किसान लालकुमार साहू की मृत्यु हो गई थी। जानकारी के अनुसार, दिनांक 12 अक्टूबर 2025 को ग्राम खम्हार निवासी लालकुमार साहू (37 वर्ष) अपने खेत मुड़बहला में धान की फसल की रखवाली के लिए रात करीब 8 बजे जंगली सुअरों को भगाने और फटाका फोड़ने गया था। इसी दौरान खेत में किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा जीआई तार से बिजली कनेक्शन जोड़कर बांस की फाली में तार बांध दिया गया था। लालकुमार उस तार की चपेट में आ गए और मौके पर ही उनकी मृत्यु हो गई। घटना के बाद आलोक कुमार द्वारा थाना लैलूंगा में मर्ग इंटिमेशन दर्ज कराया गया।
ये भी पढ़े : मुखिया के मुखारी -पक्ष -विपक्ष मस्त,छत्तीसगढ़िया पस्त है
पुलिस ने मर्ग क्रमांक 137/2025 धारा 194 भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के तहत मामला दर्ज किया और अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 281/2025 धारा 105 भारतीय न्याय संहिता के तहत विवेचना प्रारंभ की। जांच के दौरान गवाहों के कथन और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदेही जोसेफ मिंज और सोनू एक्का को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उन्होंने घटना के समय खेत में बिजली कनेक्शन लगाने की बात स्वीकार की। इसके बाद आरोपी जोसेफ मिंज पिता सहदेव मिंज (40 वर्ष) और सोनू एक्का पिता स्व. रामधन एक्का (26 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम खम्हार, को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया। जांच में अन्य आरोपियों के साथ पूर्व नियोजित आपराधिक षड्यंत्र पाए जाने पर धारा 61(2) बीएनएस भी जोड़ी गई।
घटना के बाद फरार चार आरोपियों की तलाश जारी रही। थाना प्रभारी लैलूंगा उप निरीक्षक गिरधारी साव ने मुखबिर तंत्र सक्रिय करके लगातार प्रयास किए। अंततः 22 जनवरी 2026 को शेष चार आरोपी—सत्यप्रकाश एक्का पिता राधेलाल एक्का (29 वर्ष), जशवंत मिंज पिता कार्तिक राम मिंज (43 वर्ष), शशीलाल एक्का पिता पंतराम एक्का (45 वर्ष) और करन चौहान पिता अधिन चौहान (27 वर्ष), सभी निवासी ग्राम खम्हार—को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया। पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल, एडिशनल एसपी अनिल सोनी और एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्दांत तिवारी के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। थाना प्रभारी उप निरीक्षक गिरधारी साव ने घटना की जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। लैलूंगा पुलिस की इस कार्रवाई से यह स्पष्ट हुआ कि अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह से सतर्क है।
.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)

Comments