गणतंत्र दिवस पर शिक्षक हेमलाल ध्रुव मंत्री दयालदास बघेल के हाथों हुए सम्मानित, शैक्षणिक नवाचार बना प्रेरणा

गणतंत्र दिवस पर शिक्षक हेमलाल ध्रुव मंत्री दयालदास बघेल के हाथों हुए सम्मानित, शैक्षणिक नवाचार बना प्रेरणा

परमेश्वर राजपूत, गरियाबंद :  77वें गणतंत्र दिवस 2026 के गौरवमयी अवसर पर छुरा विकासखंड के वनांचल क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कोसमी के समर्पित शिक्षक हेमलाल ध्रुव को उनके उत्कृष्ट शैक्षणिक नवाचार, विद्यालय विकास एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।जिला मुख्यालय गरियाबंद में आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह में कलेक्टर भगवान सिंह उईके की उपस्थिति तथा प्रभारी मंत्री दयालदास बघेल की गरिमामयी मौजूदगी में शिक्षक हेमलाल ध्रुव को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें विद्यालय में नवाचार, सुव्यवस्थित रख-रखाव एवं शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार के लिए प्रदान किया गया।

इस अवसर पर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोसमी एवं ग्राम पंचायत कोसमी की ओर से भी शिक्षक हेमलाल ध्रुव को मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, शिक्षकों, ग्रामीणजनों एवं विद्यार्थियों ने तालियों की गूंज के साथ उनके योगदान की सराहना की।गौरतलब है कि शिक्षक हेमलाल ध्रुव एक मध्यमवर्गीय कृषक परिवार से ताल्लुक रखते हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने अपने वेतन से बचत कर लगभग ढाई लाख रुपये की राशि विद्यालय के विकास में खर्च की। उनके प्रयासों से ग्राम कोसमी का प्राथमिक विद्यालय आज एक स्मार्ट स्कूल के रूप में पहचान बना चुका है।

ये भी पढ़े : मुखिया के मुखारी -पक्ष -विपक्ष मस्त,छत्तीसगढ़िया पस्त है 

विद्यालय में डिजिटल शिक्षा की व्यवस्था, स्मार्ट कक्षाएं, आवश्यक शैक्षणिक संसाधन, स्वच्छता, सौंदर्यीकरण एवं विद्यार्थियों के लिए अनुकूल एवं प्रेरणादायक शिक्षण वातावरण विकसित किया गया है। इन नवाचारों का सीधा प्रभाव विद्यार्थियों की उपस्थिति, सीखने की रुचि एवं शैक्षणिक परिणामों पर देखने को मिल रहा है।शिक्षक हेमलाल ध्रुव का यह प्रयास न केवल छुरा विकासखंड बल्कि पूरे जिले के ग्रामीण एवं वनांचल क्षेत्रों के शिक्षकों के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण बनकर उभरा है। उनके कार्यों ने यह सिद्ध कर दिया है कि समर्पण, सेवा-भाव और सकारात्मक सोच से सीमित संसाधनों में भी शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा परिवर्तन संभव है।गणतंत्र दिवस के इस पावन अवसर पर मिले सम्मान ने क्षेत्र के शिक्षकों एवं विद्यार्थियों में नया उत्साह और ऊर्जा का संचार किया है। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने शिक्षक हेमलाल ध्रुव के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनके प्रयासों को नमन किया।










You can share this post!


Click the button below to join us / हमसे जुड़ने के लिए नीचें दिए लिंक को क्लीक करे


Related News



Comments

  • No Comments...

Leave Comments