मुख्यमंत्री साय ने किया तीन दिवसीय सिरपुर महोत्सव का शुभारंभ

मुख्यमंत्री साय ने किया तीन दिवसीय सिरपुर महोत्सव का शुभारंभ

महासमुंद :  सुप्रसिद्ध ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक स्थल सिरपुर में आयोजित तीन दिवसीय सिरपुर महोत्सव का रविवार को भव्य शुभारंभ मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के करकमलों से हुआ। मुख्य मंच पर मुख्यमंत्री श्री साय ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उद्घाटन अवसर पर कार्यक्रम की अध्यक्षता खाद्य मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री दयाल दास बघेल ने किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जिलेवासियों को माघी पूर्णिमा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महानदी के तट पर स्थित श्री गंधेश्वर महादेव के आशीर्वाद से यह क्षेत्र निरंतर विकास की ओर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि सिरपुर केवल छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश की सांस्कृतिक पहचान है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि आज जिले को लगभग 200 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की सौगात दी गई है, जिससे सड़क, पुल, पेयजल , पर्यटन, पेयजल एवं अधोसंरचना के क्षेत्र में तेजी आएगी। उन्होंने कहा कि सरकार सिरपुर को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। इसके अंतर्गत आधुनिक सड़क, प्रकाश व्यवस्था, पार्किंग, पर्यटक सुविधा केंद्र एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर का टूरिस्ट कॉरिडोर विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सिरपुर की ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक धरोहरों के संरक्षण के लिए विशेष प्रयास किया जा रहा है, ताकि आने वाली पीढ़ियां भी इस गौरवशाली विरासत से परिचित हो सकें। श्री साय ने कहा कि आज यहां मलेशिया, कोरिया,जापान के बौद्ध विचारक पधारे है,उनका मै स्वागत करता हूं। उन्होंने कहा कि सिरपुर में सनातन,बौद्ध और जैन संस्कृति का विस्तार हुआ,यह संस्कृति का अदभुत संगम है।

सिरपुर में पर्यटन की विकास की संभावनाओं को देखते हुए सरकार इसे विश्व धरोहरों में शामिल करने गंभीरता से प्रयास कर रही है। देश दुनिया में सिरपुर का नाम होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि अंचल के विकास के लिए सिरपुर बैराज की स्वीकृति भी जल्दी होगी। सिकसेर जलाशय से कोडार जलाशय में पानी लाने के लिए योजना पर शीघ्रता से कार्य जारी है। इससे क्षेत्र के किसानों को लगातार पानी मिलेगा। इस अवसर पर विधायक महासमुंद योगेश्वर राजू सिन्हा, विधायक बसना संपत अग्रवाल, साजा विधायक ईश्वर साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मोंगरा पटेल, छत्तीसगढ़ राज्य बीज निगम अध्यक्ष चन्द्रहास चन्द्राकर, जिला पंचायत उपाध्यक्ष भीखम सिंह ठाकुर, नगर नपाध्यक्ष महासमुंद निखिल कांत साहू, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती दिशा दीवान,
नगर पंचायत अध्यक्ष बसना डॉ. खुशबू अभिषेक अग्रवाल, पूर्व विधायक डॉ विमल चोपडा,राज्य मुख्य आयुक्त, भारत स्काउट एवं गाइड संघ इंद्रजीत सिंह खालसा गोल्डी, जनपद पंचायत सदस्य श्रीमती दशरी ध्रुव एवं भारत स्काउट एवं गाइड संघ के अध्यक्ष श्री येतराम साहू एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। खाद्य मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री दयाल दास बघेल ने कहा कि सिरपुर महोत्सव आज जिले की विशिष्ट पहचान बन चुका है। उन्होंने कहा कि सिरपुर महोत्सव के माध्यम से जिले को राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिल रही है, जिससे पर्यटन को बढ़ावा मिल रहा है और रोजगार के नए अवसर सृजित हो रहे हैं।

इससे युवाओं को आगे बढ़ने का मंच मिल रहा है और स्थानीय प्रतिभाओं को नई दिशा प्राप्त हो रही है। प्रभारी मंत्री श्री बघेल ने कहा कि राज्य सरकार किसानों, मजदूरों, महिलाओं, युवाओं एवं गरीब वर्ग के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। जिले में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। विधायक महासमुंद योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि मैं स्वयं को सौभाग्यशाली मानता हूँ कि आज इस पावन धरती सिरपुर में इस ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महोत्सव का साक्षी बनने का अवसर मिला है। यह वही भूमि है जहाँ धर्म, कला और ज्ञान का अद्भुत संगम हुआ है। विधायक श्री सिन्हा ने कहा कि आज हमारे यशस्वी मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय जी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार सिरपुर के संरक्षण, विकास और वैश्विक पहचान के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सड़क, बिजली, जल, पर्यटन सुविधाओं और आधारभूत संरचनाओं के विकास से यह क्षेत्र नई ऊँचाइयों की ओर अग्रसर हो रहा है। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि , कलेक्टर विनय लंगेह, पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, साडा के सीईओ धम्म शील गणवीर ,जिला पंचायत सीईओ हेमंत नंदनवार,प्रशानिक अधिकारी एवं आम नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद थे।

मुख्यमंत्री ने किया विभागीय स्टॉल एवं प्रदर्शनी का किया अवलोकन
सिरपुर महोत्सव पर विभिन्न शासकीय विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल एवं आकर्षक प्रदर्शनी का मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अवलोकन किया। मुख्यमंत्री श्री साय ने महोत्सव स्थल पर प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), जिला पंचायत (एनआरएलएम), कृषि विभाग, उद्यानिकी विभाग, पशुपालन विभाग, मत्स्य विभाग, जल संसाधन एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, समाज कल्याण विभाग, वन विभाग, आदिम जाति कल्याण विकास विभाग, शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग तथा सिरपुर क्षेत्र विकास प्राधिकरण सहित विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने विभागीय अधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन, लाभार्थियों को मिलने वाले लाभ, प्रगति एवं भावी कार्ययोजनाओं की जानकारी प्राप्त की तथा आमजनों तक योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए।

ये भी पढ़े : मुखिया के मुखारी -पक्ष -विपक्ष मस्त,छत्तीसगढ़िया पस्त है 

सिरपुर विकास प्राधिकरण द्वारा प्रदर्शनी के माध्यम से सिरपुर के ऐतिहासिक स्थलों की झलकियों को देखकर सिरपुर के वैभव को महसूस किया और मुख्यमंत्री ने प्रसन्नता व्यक्त की। वहीं जनसंपर्क विभाग द्वारा एलईडी स्क्रीन एवं कला जत्था के माध्यम से राज्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रदर्शन की भी मुख्यमंत्री ने सराहना की। प्रदर्शनी में ग्रामीण विकास, कृषि नवाचार, महिला सशक्तिकरण, पोषण अभियान, स्वास्थ्य सेवाएं, शिक्षा योजनाएं, जनजातीय विकास, पर्यावरण संरक्षण एवं जल प्रबंधन जैसी गतिविधियों को आकर्षक रूप में प्रस्तुत किया गया, जिसे मुख्यमंत्री सहित उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों ने सराहा। मुख्यमंत्री श्री साय ने विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई पेंटिंग प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया और बच्चों की रचनात्मकता की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह गतिविधियाँ नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का कार्य करती हैं। जपं अध्यक्ष श्रीमती दिशा दीवान, बसना नपं अध्यक्ष डॉ. खुशबू अभिषेक अग्रवाल, राज्य मुख्य आयुक्त, जपं सदस्य श्रीमती दशरी ध्रुव वनमंडलाधिकारी मयंक पाण्डेय, विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।










You can share this post!


Click the button below to join us / हमसे जुड़ने के लिए नीचें दिए लिंक को क्लीक करे


Related News



Comments

  • No Comments...

Leave Comments