कवर्धा में भारतीय किसान संघ का चक्काजाम,विभिन्न मांगाे काे लेकर

कवर्धा में भारतीय किसान संघ का चक्काजाम,विभिन्न मांगाे काे लेकर

कवर्धा :  छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में गन्ने की कीमत में वृद्धि और धान खरीद की अंतिम तिथि आगे बढ़ाने की मांग को लेकर, भारतीय किसान संघ ने आज सोमवार को कवर्धा-मुंगेली नेशनल हाईवे 130 ए मुख्य मार्ग में पंडरिया के पास चक्काजाम कर दिया।

इस दौरान सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई, जिससे राहगीरों और आमजन को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। वहीं मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने यातायात व्यवस्था को संभालने का प्रयास किया।

भारतीय किसान संघ के जिला अध्यक्ष डोमन चंद्रवंशी ने एवं पदाधिकारियों ने बताया कि शक्कर कारखाने में गन्ने की कीमत पिछले पांच वर्षों से नहीं बढ़ाई गई है, जबकि बाहरी बाजार और अन्य निजी शुगर मिलों में गन्ने का दाम 500 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंच चुका है। बावजूद इसके स्थानीय किसानों को पुरानी दरों पर ही गन्ना बेचने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।

ये भी पढ़े : मुखिया के मुखारी -पक्ष -विपक्ष मस्त,छत्तीसगढ़िया पस्त है

किसान संघ ने आरोप लगाया कि शुगर मिल में गन्ना बेचने वाले किसानों को अब तक पूरा भुगतान नहीं किया गया है। समय पर भुगतान नहीं मिलने के कारण किसानों की आर्थिक स्थिति लगातार कमजोर होती जा रही है और खेती-किसानी चलाना मुश्किल हो रहा है।

किसान संघ ने बताया कि जिले में हजार से अधिक किसान अब भी अपना धान नहीं बेच पाए हैं। खरीद की समयसीमा समाप्त होने के कारण किसान परेशान हैं। संघ की मांग है कि धान खरीद की तारीख तत्काल बढ़ाई जाए और शेष सभी किसानों का धान खरीदा जाए। भारतीय किसान संघ के जिला अध्यक्ष डोमन चंद्रवंशी ने आगे कहा कि यह आंदोलन फिलहाल सांकेतिक है, यदि किसानों की मांगों पर शीघ्र उचित निर्णय नहीं लिया गया, तो संघ आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज और व्यापक रूप देगा। चक्काजाम समाप्त होने के बाद यातायात बहाल किया गया, लेकिन किसान संघ ने स्पष्ट संकेत दिया है कि मांगें पूरी न होने की स्थिति में आगे और बड़े आंदोलन किए जाएंगे ।










You can share this post!


Click the button below to join us / हमसे जुड़ने के लिए नीचें दिए लिंक को क्लीक करे


Related News



Comments

  • No Comments...

Leave Comments