परमेश्वर राजपूत, गरियाबंद: जिले के मैनपुर विकासखंड अंतर्गत शोभा थाना क्षेत्र के सुदूर वनांचल ग्राम गरीबा में मानवता को शर्मसार कर देने वाली एक जघन्य हत्या की घटना सामने आई है। आपसी रंजिश और चरित्र लांछन के आरोपों से उपजे विवाद में दो महिलाओं ने मिलकर एक महिला की निर्मम हत्या कर दी। इस घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम गरीबा से लगभग 800 मीटर दूर ईचरादी खेत की लारी में निवासरत सुमित्रा नेताम (37 वर्ष), पति दलसुराम नेताम, का गांव की ही रहने वाली सुगतिन नेताम (36 वर्ष) एवं ईतवारिन बाई (46 वर्ष) से पूर्व में मेलजोल था। समय के साथ यह मित्रता आपसी विवाद में तब्दील हो गई। आरोप है कि मृतिका सुमित्रा नेताम दोनों महिलाओं के चरित्र को लेकर गांव में कथित रूप से टिप्पणी और लांछन लगाती थी, जिससे दोनों आरोपी महिलाएं लंबे समय से आक्रोशित थीं।
ये भी पढ़े : मुखिया के मुखारी -पक्ष -विपक्ष मस्त,छत्तीसगढ़िया पस्त है
इसी रंजिश के चलते दोनों आरोपी महिलाओं ने सुमित्रा नेताम की हत्या की साजिश रची। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने सुमित्रा की लारी में पहुंचकर पहले उसके साथ मारपीट की। इसके बाद अमानवीयता की सारी हदें पार करते हुए उसके गुप्तांग में मिर्ची एवं अन्य ज्वलनशील पदार्थ डालकर उसे तड़पाया। जब भीषण पीड़ा से वह बेहाल हो गई, तब आरोपियों ने लात-घूंसे और डंडे से बेरहमी से पिटाई कर उसकी हत्या कर दी।
घटना की सूचना ग्राम सरपंच द्वारा शोभा थाना पुलिस को दी गई। नक्सल प्रभावित एवं अत्यंत दूरस्थ क्षेत्र होने के कारण पुलिस दल 2 फरवरी को घटनास्थल पर पहुंच सका। मौके पर आवश्यक जांच-पड़ताल के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया गया तथा पश्चात शव परिजनों को सौंप दिया गया।इस संबंध में शोभा थाना प्रभारी नकुल सिदार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में चरित्र लांछन को लेकर हत्या की पुष्टि हुई है। आरोपी महिलाएं सुगतिन नेताम एवं ईतवारिन बाई से गहन पूछताछ की जा रही है। मामले में साक्ष्यों के आधार पर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
इस जघन्य वारदात से पूरे वनांचल क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है, वहीं ग्रामीणों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)

Comments