सजा का चौकाने वाला अंतर : निचली अदालतों ने 1300+ मामलों में दी फांसी, हाई कोर्ट ने सिर्फ 70 को ही माना सही

सजा का चौकाने वाला अंतर : निचली अदालतों ने 1300+ मामलों में दी फांसी, हाई कोर्ट ने सिर्फ 70 को ही माना सही

भारत की आपराधिक न्याय प्रणाली में मृत्युदंड को लेकर एक चौंकाने वाला रुझान सामने आया है। नालसार यूनिवर्सिटी ऑफ लॉ के 'स्क्वायर सर्कल क्लिनिक' द्वारा जारी 10 वर्षों के आंकड़ों के विश्लेषण से पता चला है कि निचली अदालतों द्वारा दी जाने वाली फांसी की सजा में गलत या अनुचित दोषसिद्धि का एक तय पैटर्न बन गया है।

रिपोर्ट के अनुसार, पिछले एक दशक में जहां ट्रायल कोर्ट ने 1,310 लोगों को मौत की सजा सुनाई, वहीं उच्च न्यायालयों ने इनमें से केवल 70 मामलों में ही सजा की पुष्टि की। यह संख्या कुल मामलों का बेहद छोटा हिस्सा है, जो न्याय प्रक्रिया में निचली स्तर पर गंभीर खामियों की ओर इशारा करती है।

इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के अनुसार, सुप्रीम कोर्ट ने पिछले तीन लगातार वर्षों (2023-2025) में एक भी फांसी की सजा की पुष्टि नहीं की है। इसके उलट, शीर्ष अदालत में बरी होने की दर में भारी उछाल आया है। 2025 में सुप्रीम कोर्ट ने अपने पास आए 19 में से 10 मामलों में आरोपियों को पूरी तरह बरी कर दिया, जो 2016 के बाद का सबसे बड़ा आंकड़ा है।

ये भी पढ़े : मुखिया के मुखारी -पक्ष -विपक्ष मस्त,छत्तीसगढ़िया पस्त है

सुप्रीम कोर्ट ने भी माना अधिकारों का उल्लंघन

अगस्त 2025 में 'वसंत संपत दुपारे बनाम भारत सरकार' मामले में सुप्रीम कोर्ट ने ऐतिहासिक फैसला देते हुए कहा था कि मृत्युदंड की सुनवाई निष्पक्ष सुनवाई का एक अनिवार्य हिस्सा है। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि मनोवैज्ञानिक मूल्यांकन और जेल रिकॉर्ड जैसी रिपोर्ट के बिना दी गई सजा मौलिक अधिकारों का उल्लंघन मानी जाएगी।

क्यों नहीं बदल रहा ट्रेंड

सुप्रीम कोर्ट के सख्त आदेशों के बावजूद, जमीनी स्तर पर स्थिति नहीं बदली है। रिपोर्ट बताती है कि वर्ष 2025 में सत्र न्यायालयों ने 83 में से 79 मामलों में सुप्रीम कोर्ट के अनिवार्य दिशानिर्देशों का पालन नहीं किया। यह करीब 95.18% है। कई मामलों में दोषी करार दिए जाने के उसी दिन सजा सुना दी गई, जिससे आरोपी के मानसिक स्वास्थ्य और व्यक्तिगत इतिहास की रिपोर्ट तैयार करने का समय ही नहीं मिला।

2025 में भी 500 से अधिक फांसी की सजा

भले ही ऊपरी अदालतें सजाएं कम कर रही हों, लेकिन ट्रायल कोर्ट से लगातार मिल रही सजाओं के कारण 31 दिसंबर, 2025 तक भारत में फांसी की सजा पाए कैदियों की संख्या 574 तक पहुंच गई है। यह 2016 के बाद का सबसे उच्चतम स्तर है। अकेले 2025 में सत्र न्यायालयों ने 128 लोगों को मौत की सजा सुनाई।

उत्तर प्रदेश में मृत्युदंड पाए कैदियों की संख्या सबसे अधिक है। इसके बाद गुजरात, हरियाणा, महाराष्ट्र, केरल और कर्नाटक का स्थान है। रिपोर्ट में एक और गंभीर मुद्दे की ओर ध्यान दिलाया गया है। रिपोर्ट के अनुसार, " बिना छूट वाली आजीवन कारावास की सजा व्यक्ति से उसके जीवन का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा उम्मीद छीन लेती है और इस क्षेत्र में अभी स्पष्ट कानूनी ढांचे की कमी है।"










You can share this post!


Click the button below to join us / हमसे जुड़ने के लिए नीचें दिए लिंक को क्लीक करे


Related News



Comments

  • No Comments...

Leave Comments