परमेश्वर राजपूत, गरियाबंद : छुरा विकासखंड अंतर्गत ग्राम हीराबतर में शिक्षा व्यवस्था की बदहाली पर आखिरकार विराम लग गया है। क्षेत्रीय विधायक जनक ध्रुव की सशक्त पहल और सतत प्रयासों से ग्राम को माध्यमिक शाला भवन निर्माण हेतु 11 लाख 84 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्राप्त हुई है। यह स्वीकृति गांव के विद्यार्थियों के लिए किसी बड़ी सौगात से कम नहीं मानी जा रही है।गौरतलब है कि बीते लगभग दस वर्षों से ग्राम की माध्यमिक शाला का भवन जर्जर और अनुपयोगी अवस्था में था। मजबूरी में प्राथमिक और माध्यमिक दोनों स्कूलों के बच्चे एक ही भवन में पढ़ने को विवश थे। सीमित कमरों, अव्यवस्थित बैठने की व्यवस्था और शैक्षणिक माहौल के अभाव में बच्चों का भविष्य अंधकार में जाता दिख रहा था।
ये भी पढ़े : मुखिया के मुखारी -पक्ष -विपक्ष मस्त,छत्तीसगढ़िया पस्त है
इस गंभीर समस्या को लेकर ग्रामीणों ने विधायक जनक ध्रुव से सीधी गुहार लगाई थी। विधायक ने न सिर्फ समस्या को गंभीरता से लिया, बल्कि शासन स्तर पर लगातार पहल कर प्रशासकीय स्वीकृति दिलाकर अपना वादा निभाया। आज उसी का परिणाम है कि वर्षों से लंबित मांग को हरी झंडी मिल गई है।स्वीकृति की खबर मिलते ही ग्राम में खुशी की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों, पालकों और पंचायत एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने विधायक जनक ध्रुव एवं राज्य शासन के प्रति आभार जताते हुए कहा कि नया भवन बच्चों को बेहतर माहौल, अनुशासन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देगा।ग्रामीणों ने उम्मीद जताई है कि भवन निर्माण कार्य जल्द शुरू होकर तय समय-सीमा में पूरा होगा, ताकि बच्चों को वर्षों से झेलनी पड़ रही अव्यवस्थाओं से स्थायी मुक्ति मिल सके।
.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)

Comments