भारत ने रिकॉर्ड छठी बार जीता अंडर-19 वर्ल्ड कप,फाइनल में इंग्लैंड को 100 रन से हराया

भारत ने रिकॉर्ड छठी बार जीता अंडर-19 वर्ल्ड कप,फाइनल में इंग्लैंड को 100 रन से हराया

भारत बनाम इंग्लैंड अंडर 19 विश्व कप फाइनल रोचक होने की उम्मीद थी, लेकिन ऐसा नहीं हो पाया। टीम इंडिया के लाजवाब प्रदर्शन के सामने अंग्रेजों ने घुटने टेक दिए और भारत ने एक बार फिर से अंडर 19 वर्ल्ड कप अपने नाम कर लिया है। भारतीय टीम ने इंग्लैंड को बेहरमी सी पीटा और फाइनल मुकाबला 100 रनों से जीतने का काम किया है। 

टीम इंडिया ने की पहले बल्लेबाजी, नहीं रही अच्छी शुरुआत

अंडर 19 विश्व कप के फाइनल में भारत और इंग्लैंड का सामना हुआ। इसमें भारतीय टीम के कप्तान आयुष ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। जहां एक ओर वैभव सूर्यवंशी धीमा खेल रहे थे, वहीं एरॉन जार्ज केवल 9 ही रन बनाकर आउट हो गए। लेकिन इसके बाद जब वैभव को कप्तान आयुष का साथ मिला तो वैभव ने अपना चिरपरिचित आक्रामक रुख अख्तियार किया और धमाकेदार तरीके से रन बनाने शुरू कर दिए। आयुष भी आक्रामक बल्लेबाजी कर रहे थे। वैभव सूर्यवंशी ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए पहले अपना अर्धशतक पूरा किया और इसके बाद शतक की ओर बढ़ गए। 

कप्तान आयुष ने खेली तेजतर्रार अर्धशतकीय पारी

इस बीच टीम इंडिया को झटका लगा और कप्तान आयुष आउट हो गए। आयुष ने 51 बॉल पर 53 रनों की पारी खेली। हालांकि वैभव पर इसका कोई असर नहीं हुआ। उन्होंने धमाकेदार अंदाज में केवल 55 बॉल पर शतक ठोकने का काम किया। इसके बाद उन्होंने और भी आक्रामक बल्लेबाजी की। इसके बाद वे 150 रन के स्कोर को भी पार कर गए। इसके साथ ही वैभव एक के बाद एक नए नए कीर्तिमान बनाते चले जा रहे थे औ अंग्रेज गेंदबाजों को कुछ भी सूझ नहीं रहा था। 

ये भी पढ़े : मुखिया के मुखारी -पक्ष -विपक्ष मस्त,छत्तीसगढ़िया पस्त है

वैभव सूर्यवंशी ने खेली 175 रनों की धमाकेदार पारी

इंग्लैंड के चेहरे पर उस वक्त कुछ राहत दिखाई दी, जब वैभव सूर्यवंशी 175 रनों की धमाकेदार पारी खेलकर आउट हो गए। हालांकि इसके बाद भी भारतीय बल्लेबाजों ने आखिरी में भी रन बनाए और 400 का आंकड़ा पार कर लिया। भारत ने 50 ओवर खत्म होते होते 411 रन बना दिए थे। इसके बाद ही ये लगने लगा था कि टीम इंडिया अब इस मैच को जीत जाएगी। फाइनल में 400 से अधिक रन चेज करना कोई आसान काम नहीं होता। 

इंग्लैंड की शुरुआत भी रही काफी धीमी

इसके बाद जब इंग्लैंड की बल्लेबाजी शुरू हुई तो एक एक ​कर बल्लेबाज आते रहे और आउट होकर पवेलियन जाते रहे। इंग्लैंड ने पहले तीन ओवर में केवल दो ही रन बनाए थे। इसके बाद जैसे ही इंग्लैंड ने तेजी से रन बनाने की कोशिश की तो विकेट गिरने शुरू हो गए। बीच बीच में छोटी छोटी साझेदारियां हुईं, लेकिन वे इंग्लैंड के लिए नाकाफी साबित हुईं।

टीम इंडिया ने छठी दफा जीता अंडर 19 वर्ल्ड कप का खिता​ब

इंग्लैंड की टीम अपने कोटे के पूरे 50 ओवर भी नहीं खेल पाई और उससे पहले ही आउट हो गई। पूरी टीम मिलकर केवल 311 रन बना सकी और इस तरह से भारत ने मुकाबला ही नहीं, बल्कि अंडर 19 विश्व कप भी अपने नाम कर लिया है। भारतीय टीम की खास बात ये रही कि टीम अजेय रहते हुए खिताब जीतने में कामयाब रही है। इंग्लैंड की टीम भी एक भी मैच नहीं हारी थी, लेकिन फाइनल में उनका ये सिलसिला रुक गया है। भारत ने अब तक छठी बार इस खिताब पर कब्जा किया है। 










You can share this post!


Click the button below to join us / हमसे जुड़ने के लिए नीचें दिए लिंक को क्लीक करे


Related News



Comments

  • No Comments...

Leave Comments