रामानुजगंज : बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक से जुड़े फर्जी ऋण मामलों में पूर्व में कई अधिकारी-कर्मचारी जेल जा चुके हैं, इसके बावजूद नए-नए मामले सामने आ रहे हैं। ताजा प्रकरण जनपद पंचायत रामचंद्रपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत मेघुली से सामने आया है।
ग्राम मेघुली निवासी रुकमनिया देवी पति जगदेव सिंह ने कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक बलरामपुर को लिखित शिकायत सौंपते हुए आरोप लगाया है कि उनके नाम से जिला सहकारी केंद्रीय बैंक शाखा रामानुजगंज में बचत खाता क्रमांक 104000349644 संचालित है। पीड़िता के अनुसार उन्होंने कभी किसी प्रकार का ऋण नहीं लिया, इसके बावजूद उनके नाम से 24 जुलाई 2020 को 72 हजार 160 रुपये का ऋण फर्जी हस्ताक्षर कर निकाल लिया गया।
ये भी पढ़े : मुखिया के मुखारी -पक्ष -विपक्ष मस्त,छत्तीसगढ़िया पस्त है
शिकायत में महिला ने आरोप लगाया है कि ग्राम गम्हरिया निवासी मंजर अंसारी द्वारा उनके खाते का दुरुपयोग किया गया। पीड़िता के अनुसार वर्ष 2020 से 2025 के बीच जबरन उनके खाते का उपयोग धान विक्रय के लिए किया गया। इस दौरान धान बिक्री की राशि उनके खाते में जमा होती रही, लेकिन उन्हें केवल सीमित राशि दी जाती थी, शेष रकम आरोपी अपने पास रखता था।
महिला ने शिकायत में यह भी उल्लेख किया है कि मामले की शिकायत करने पर उन्हें एवं उनके परिवार को धमकाया गया तथा प्रशासनिक कार्रवाई का भय दिखाया गया। पीड़िता ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत प्राप्त होते ही पुलिस अधीक्षक बलरामपुर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए रामानुजगंज के एसडीओपी को तत्काल जांच के निर्देश दिए हैं।
.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)

Comments