अंबि​कापुर में गैंगवार का सनसनीखेज मामला,बीच शहर में फायरिंग से सनसनी

अंबि​कापुर में गैंगवार का सनसनीखेज मामला,बीच शहर में फायरिंग से सनसनी

अंबिकापुर : अंबिकापुर के देवीगंज रोड स्थित होटल देव के पास शुक्रवार शाम फायरिंग की घटना ने इलाके में दहशत मचा दी। स्थानीय लोगों ने दो राउंड गोली चलने की सूचना दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए सरगुजा ASP अमोलक सिंह और अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम होटल देव के पास फायरिंग की आवाज सुनाई दी, जिससे आसपास के लोग सहम गए। सूचना मिलते ही एडिशनल एसपी अमोलक सिंह ढिल्लो, CSP राहुल बसंल और कोतवाली के थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर होटल परिसर में प्रवेश किया और जांच शुरू की।

हालांकि, ASP अमोलक सिंह ने फायरिंग की पुष्टि अभी तक नहीं की है और कहा कि मामले की जांच जारी है। पुलिस होटल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच कर रही है ताकि घटना के वास्तविक स्वरूप का पता लगाया जा सके। मौके पर मिली जानकारी के अनुसार, घटना के पीछे आपसी विवाद का कारण बताया जा रहा है। ASP ने कहा कि शाम के समय हनी सिंह नामक व्यक्ति का पीछा किया गया। बनारस रोड पर हनी सिंह को फोरव्हीलर वाहन में सवार कुछ लोगों ने रोकने की कोशिश की थी। यह मामला पुलिस जांच में है और शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया भी जारी है।

ये भी पढ़े : मुखिया के मुखारी -पक्ष -विपक्ष मस्त,छत्तीसगढ़िया पस्त है

पुलिस की जांच के दौरान होटल संचालक हनी सिंह के घर से कुल 6 पिस्टल बरामद की गई हैं। पुलिस ने सभी हथियारों के दस्तावेज मंगाए हैं। इस संबंध में फिलहाल पुलिस अधिकारियों ने किसी भी तरह की टिप्पणी करने से इंकार किया है। हनी सिंह की भूमिका और पिस्टल के वैध होने की जांच की जा रही है। फायरिंग की घटना के बाद इलाके में तनाव बढ़ गया। पुलिस ने शहर में पेट्रोलिंग बढ़ा दी है और महत्वपूर्ण स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी है। पुलिस लगातार इलाके में निगरानी बनाए हुए है और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

स्थानीय लोगों से पुलिस ने शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। ASP ने कहा कि जांच पूरी होने तक कोई जल्दबाजी में निष्कर्ष नहीं निकाले। घटना स्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज, गवाहों के बयान और सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फायरिंग की वास्तविक वजह का खुलासा जांच पूरी होने के बाद किया जाएगा। फिलहाल इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। पुलिस प्रशासन ने जनता से अनुरोध किया है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अप्रिय स्थिति की सूचना तुरंत थाने या 112 हेल्पलाइन पर दें। इस घटना ने अंबिकापुर शहर में सुरक्षा व्यवस्था और होटल क्षेत्रों की निगरानी पर सवाल उठाए हैं। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि वे आने वाले दिनों में होटल और व्यस्त क्षेत्रों में और अधिक निगरानी सुनिश्चित करेंगे।










You can share this post!


Click the button below to join us / हमसे जुड़ने के लिए नीचें दिए लिंक को क्लीक करे


Related News



Comments

  • No Comments...

Leave Comments