मुंबई : ‘अगर प्यार में कोई किसी को खुश करने के लिए स्वयं को बदल रहा है तो दोनों खुश नहीं रह पाएंगे’ यह कहना है अभिनेत्री मृणाल ठाकुर का। मृणाल 20 फरवरी को आने वाली फिल्म फिल्म ‘दो दीवाने सहर में’ में नजर आएंगी। हिंदी के साथ-साथ दक्षिण भारतीय फिल्में भी खूब कर रही मृणाल इन दिनों शादी की खबरों को लेकर भी सुर्खियों में छाई हैं। पिछले दिनों एआई से उनकी एक तस्वीर बनाकर वायरल की जा रही थी। मृणाल से उनकी फिल्म, प्यार के पैमानों और उनसे जुड़ी खबरों पर हमने बातचीत की पढ़िए इसके कुछ अंश
पिछले साल सैयारा और एक दीवाने की दीवानियत जैसी फिल्में हिट रही। क्या लगता है कि जेन जी ओल्ड स्कूल (पुराने दौर) प्रेम कहानियां ज्यादा पसंद करेंगे?
जेन जी हो या ओल्ड स्कूल हर प्रेम कहानी में एक कामन भाव है, वो है प्यार। हमारी फिल्म की कहानी रोशनी, शशांक तथा उनके परिवार के इर्द-गिर्द घूमती है। कैसा प्यार होता है जब दो असुरक्षा की भावना वाले लोग एक दूसरे से मिलते हैं? लोग अक्सर कहते हैं कि हम प्यार में गिर गए, लेकिन हमारी फिल्म में ऐसा नहीं है। हमारी फिल्म बताती है कि जब दो लोग प्यार में पड़ते हैं तो वो एक साथ मिलकर ऊपर उठते हैं।
फिल्म में इम्परफेक्ट प्यार के बारे में बात हो रही है, अपने प्यार के मामले में क्या चीजें परफेक्ट और क्या इम्परफेक्ट चाहेंगी?
मेरे लिए प्यार में जो परफेक्ट होनी चाहिए, वो है प्यार का इम्परफेक्ट होना। प्यार में सामने वाला जैसा भी है, आपको वो उसी तरह पसंद होना चाहिए। उसमें कोई पैमाने या शर्तें नहीं होनी चाहिए, जैसे एक मां अपनी संतान से बेइंतहा प्यार करती हैं। ऐसे प्यार के साथ एक दोस्त या जीवनसाथी के तौर पर जिंदगी बिताने में आसानी होती है। मैं अपना प्यार ऐसा चाहती हूं कि वो जो है वही रहे। अगर कोई मुझे खुश करने के लिए अपने आप को बदल रहा है तो दोनों कभी खुश नहीं रह पाएंगे।
ये भी पढ़े : मुखिया के मुखारी -पक्ष -विपक्ष मस्त,छत्तीसगढ़िया पस्त है
सिनेमा इंडस्ट्री के कलाकारों की प्यार और रिलेशनशिप की खबरें अक्सर सुर्खियां बनती हैं। स्वयं से जुड़ी ऐसी खबरों पर आपकी और स्वजनों की क्या प्रतिक्रिया होती है?
हम तो पहले ऐसी खबरें सुनकर बहुत हंसते हैं। किसी दिन मैं किसी एक्टर को डेट कर रही होती हूं, तो किसी दिन किसी क्रिकेटर को। मैं मम्मी को भी वो चीजें पढ़ाती हूं, क्योंकि वो खबर नहीं, अफवाहें होती हैं। दूसरी बात ऐसी खबरें सुनकर मेरे माता-पिता तो बहुत खुश हो जाते हैं। वो तो चाहते हैं कि मैं घर से जल्दी जाऊं। हालांकि, बुरा तब लगता है जब किसी सेलिब्रिटी या एक्टर का नाम मेरे नाम के साथ जोड़ा जाता है। यह अच्छी बात नहीं है, मुझे लगता है कि इन मामलों में उस व्यक्ति की पुष्टि का इंतजार करना चाहिए।
कुछ रिपोर्ट्स में तो इसी महीने आपकी शादी होने का भी दावा किया जा रहा है..
मैं जब प्यार में रहूंगी, तो खुलकर प्यार होगा और भव्य शादी करूंगी। मैं तो इंस्टाग्राम पर दिखाऊंगी भी कि मेरे ब्वायफ्रेंड से मिलो। थोड़ा रुकिए, कोई लड़का तो मिलने दीजिए। अफवाहों को हम खबर नहीं कह सकते हैं। मेरे तो रिश्तेदार भी मेरे माता-पिता को फोन करके पूछ रहे हैं कि क्या वाकई मृणाल की शादी हो रही है? मेरे माता-पिता जवाब देते हैं कि हमें तो किसी ने बताया ही नहीं।
निगेटिव पीआर की चर्चा भी इन दिनों है। आपके क्या विचार हैं और आउटसाइडर होने के नाते क्या इससे निपटने के लिए कोई रणनीति बनाई है?
जब लोगों को आपके बारे में वर्तमान में कुछ नहीं मिलता है तो वो कुछ न कुछ खोजने के लिए भूतकाल में जाते हैं, ताकि आपका भविष्य खराब कर सकें। कौन किसके बारे में क्या कह रहा है, इससे मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता है। इंटरनेट मीडिया पर 99 प्रतिशत बातें गलत होती हैं, मैं दर्शकों से हाथ जोड़कर यही कहना चाहूंगी कि आप इंटरनेट पर जो भी देखते हैं, वो जरूरी नहीं कि हमेशा सही हो। कुछ लोगों को जानबूझ नीचे खींचने की कोशिश की जाती है। कलाकार को सिर्फ उसकी कला के आधार पर देखें और परखें।
-1770477568039.jpg)
आज के दौर में कौन सी चीज सबसे ज्यादा डराती है?
एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस)। अगर हम कलाकारों के साथ एआई से कुछ (मृणाल की शादी की तस्वीरें एआई से बनाकर वायरल की गई) होता है, तो हम फिर भी लोगों को बता सकते हैं कि ये एआई से किया गया है। वहीं अगर किसी आम इंसान की बहन, बेटी या बीवी का एआई से कपड़े या चेहरे बदल दिए जाता है, तो वो अच्छा नहीं है। मैं हर चीज को सकारात्मकता से देख सकती हूं, लेकिन 12-15 साल की एक छोटी लड़की ऐसा नहीं कर सकती है। उस पर बहुत बुरा प्रभाव पड़ेगा।
.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)

Comments