मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना : नवागढ़ में 143 जोड़े विवाह बंधन में बंधे

मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना : नवागढ़ में 143 जोड़े विवाह बंधन में बंधे

बेमेतरा, 10 फरवरी 2026 : जिला बेमेतरा के नवागढ़ विकासखंड मुख्यालय स्थित हाई स्कूल मैदान में मंगलवार को मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत 143 निर्धन परिवारों के वर-वधू का सामूहिक विवाह गरिमामय एवं भव्य वातावरण में संपन्न हुआ। एक ही मंडप में 143 जोड़ों ने वैदिक मंत्रोच्चार एवं पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ वैवाहिक जीवन में प्रवेश किया। इस अवसर पर सभी नवदंपतियों ने सुखमय दांपत्य जीवन एवं बाल विवाह नहीं करने-कराने की शपथ भी ली।

खाद्य मंत्री दयालदास बघेल ने दिया आशीर्वाद, शासन की योजनाओं को बताया जनकल्याणकारी

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश के खाद्य मंत्री श्री दयालदास बघेल ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए सुखी, समृद्ध एवं खुशहाल दांपत्य जीवन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि विवाह जीवन का एक पवित्र और विश्वसनीय बंधन है, जिसमें पति-पत्नी सुख-दुख में कंधे से कंधा मिलाकर जीवन की जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हैं।

ये भी पढ़े : मुखिया के मुखारी -पक्ष -विपक्ष मस्त,छत्तीसगढ़िया पस्त है

मंत्री श्री बघेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ शासन द्वारा संचालित मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना निर्धन परिवारों के लिए वरदान साबित हो रही है। शासन बेटियों के विवाह की चिंता को समझते हुए उनके सम्मानपूर्वक विवाह की जिम्मेदारी उठा रहा है। उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत पहले दी जाने वाली ₹25,000 की सहायता राशि को बढ़ाकर ₹50,000 किया गया है, जिससे नवविवाहित जोड़ों को गृहस्थ जीवन की शुरुआत में आर्थिक संबल मिलता है। इस अवसर पर उन्होंने प्रत्येक जोड़े को विवाह सहायता राशि का चेक, उपहार एवं विवाह की स्मृति स्वरूप तस्वीर भेंट की।

खाद्य मंत्री दयालदास बघेल ने अपने एकात्म उद्बोधन में कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना केवल एक शासकीय कार्यक्रम नहीं, बल्कि सामाजिक सरोकार और मानवीय संवेदनाओं से जुड़ी पहल है। यह योजना निर्धन परिवारों की बेटियों के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण का प्रतीक है, जो समाज में समानता और समरसता को मजबूत करती है। उन्होंने कहा कि शासन की यह सोच है कि कोई भी बेटी केवल आर्थिक अभाव के कारण अपने विवाह से वंचित न रहे। सामूहिक विवाह जैसी पहल न केवल फिजूलखर्ची पर रोक लगाती है, बल्कि सामाजिक एकता और पारिवारिक मूल्यों को भी सुदृढ़ करती है।

पारंपरिक बारात, एक मंडप में वैवाहिक संस्कार – सामाजिक समरसता का अनुपम उदाहरण

कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ बारात निकालने से हुई, जो स्कूल परिसर से चलकर विवाह स्थल पहुंची। इसके पश्चात सभी वर-वधू एक ही मंडप में बैठकर पुरोहितों द्वारा संपन्न कराए गए वैवाहिक संस्कारों में शामिल हुए। पूरे आयोजन में हिंदू विवाह परंपराओं का विधिवत पालन किया गया।

कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं, महिला एवं बाल विकास अधिकारी चंद्रबेश शिसोदिया सहित विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया। कलेक्टर ने अपने स्वागत भाषण में छत्तीसगढ़ की विवाह परंपराओं एवं सामाजिक मूल्यों पर प्रकाश डाला।

जनप्रतिनिधियों ने की योजना की सराहना, बताया निर्धन परिवारों के लिए संजीवनी

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बेमेतरा विधायक श्री दीपेश साहू ने कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना निर्धन परिवारों के लिए एक संजीवनी के समान है, जिसमें बिना किसी निजी खर्च के शासन स्तर पर बेटियों का विवाह संपन्न कराया जाता है। उन्होंने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से समाज के सभी वर्गों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिल रहा है।

कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं ने भी नवदंपतियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को सशक्त बनाने तथा उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने का प्रभावी माध्यम है। सामूहिक विवाह गायत्री मंत्रोच्चार एवं सामाजिक अनुष्ठानों के साथ संपन्न हुआ।

कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष नवागढ़ श्री हेमाजय दिवाकर, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि अजय साहू, राम साहू, सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं वर-वधू के परिजन उपस्थित रहे।










You can share this post!


Click the button below to join us / हमसे जुड़ने के लिए नीचें दिए लिंक को क्लीक करे


Related News



Comments

  • No Comments...

Leave Comments