परमेश्वर राजपूत, गरियाबंद / छुरा : नगर पंचायत छुरा अंतर्गत सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं का भुगतान विगत तीन माह से ठप पड़ा है। विधवा पेंशन, वृद्धा पेंशन, परित्यक्ता पेंशन एवं दिव्यांग पेंशन की राशि हितग्राहियों के खातों में जमा नहीं होने से नगर के सैकड़ों जरूरतमंद नागरिक आर्थिक तंगी और मानसिक तनाव से जूझ रहे हैं। नियमित आय के अभाव में बुजुर्गों, विधवाओं और दिव्यांगजनों के सामने जीवन-यापन का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।नगर क्षेत्र में बड़ी संख्या में ऐसे परिवार हैं, जिनके लिए सामाजिक सुरक्षा पेंशन ही आजीविका का एकमात्र साधन है। पेंशन की राशि से ही दवा, राशन, बिजली-पानी का बिल, इलाज एवं अन्य दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति होती है। लगातार तीन माह से भुगतान नहीं होने के कारण कई हितग्राही उधारी लेकर गुजारा करने को मजबूर हैं, वहीं कुछ ने दवाइयों और आवश्यक खर्चों में कटौती शुरू कर दी है।
कार्यालयों के चक्कर, फिर भी नहीं समाधान
पेंशनधारियों का आरोप है कि वे कई बार नगर पंचायत और समाज कल्याण विभाग के कार्यालय पहुंच चुके हैं, लेकिन हर बार अलग-अलग कारण बताकर लौटा दिया जाता है। कहीं तकनीकी समस्या तो कहीं प्रक्रिया पूर्ण नहीं होने का हवाला दिया जा रहा है। बुजुर्ग और दिव्यांग हितग्राहियों के लिए बार-बार कार्यालय के चक्कर लगाना बेहद कष्टदायक साबित हो रहा है।
एक वृद्ध पेंशनधारी ने बताया, “पेंशन की राशि से ही घर का खर्च चलता है। तीन महीने से पैसा नहीं आया, तो उधारी लेकर दवा खरीदनी पड़ रही है।”
वहीं एक दिव्यांग हितग्राही ने कहा, “शारीरिक परेशानी के बावजूद कई बार कार्यालय जाना पड़ा, लेकिन अब तक कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला।”
ये भी पढ़े : मुखिया के मुखारी -पक्ष -विपक्ष मस्त,छत्तीसगढ़िया पस्त है
जनप्रतिनिधियों ने जताई नाराजगी
पार्षद सलीम मेमन ने कहा कि नगर पंचायत छुरा में पूर्व में कभी ऐसा नहीं हुआ कि पेंशन तीन माह तक रुकी हो। उन्होंने कहा कि पेंशनधारी नागरिक पूरी तरह इस राशि पर निर्भर हैं और भुगतान नहीं होने से उन्हें भारी परेशानी हो रही है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल संज्ञान लेकर लंबित राशि जारी करने की मांग की।नेता प्रतिपक्ष हरीश यादव ने पेंशन भुगतान में देरी को गंभीर प्रशासनिक लापरवाही बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में शिथिलता के कारण हितग्राहियों को बार-बार कार्यालय आना पड़ रहा है, जिससे उनका समय और जीविकोपार्जन दोनों प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि सामाजिक सुरक्षा जैसी संवेदनशील योजना में देरी अस्वीकार्य है।
अधिकारी का आश्वासन-
इस संबंध में नगर पंचायत के सीएमओ ने बताया कि पेंशन का आबंटन शीघ्र प्राप्त होने वाला है और एक सप्ताह के भीतर राशि हितग्राहियों के खातों में जमा कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि तकनीकी और प्रशासनिक कारणों से विलंब हुआ है, जिसे जल्द दूर कर लिया जाएगा।
सामाजिक सुरक्षा योजनाओं पर उठे सवाल-
सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाएं शासन द्वारा समाज के कमजोर एवं जरूरतमंद वर्गों को आर्थिक संबल प्रदान करने के उद्देश्य से संचालित की जाती हैं। ऐसे में तीन माह तक भुगतान रुके रहना व्यवस्था की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि समय पर पेंशन मिलना उनके लिए जीवनरेखा के समान है, लेकिन लगातार देरी से योजना का मूल उद्देश्य ही प्रभावित हो रहा है।
अब देखना यह होगा कि प्रशासन अपने आश्वासन पर कितनी तेजी से अमल करता है और नगर के सैकड़ों पेंशनधारियों को कब तक राहत मिल पाती है। फिलहाल जरूरतमंद हितग्राही पेंशन राशि जारी होने की प्रतीक्षा में उम्मीद लगाए बैठे हैं।
.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)

Comments