तेजी से कमाई का लालच पड़ा भारी,बिलासपुर में फॉरेक्स निवेश घोटाले का खुलासा

तेजी से कमाई का लालच पड़ा भारी,बिलासपुर में फॉरेक्स निवेश घोटाले का खुलासा

बिलासपुर : तेजी से मुनाफा कमाने के सपने ने एक और निवेशक को ठगी का शिकार बना दिया। थाना सिविल लाइन क्षेत्र में फॉरेक्स ट्रेडिंग के नाम पर रकम दोगुनी करने का भरोसा दिलाकर 6 लाख 5 हजार रुपये ऐंठने का मामला सामने आया है। पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।

प्रार्थी अनिल कुमार पाण्डेय, निवासी जांजगीर-चांपा, की मुलाकात लगभग एक वर्ष पहले एक कार्यक्रम में झमिया यादव और चेतन पटेल से हुई थी, जो कबीरधाम के बताए जा रहे हैं। आरोप है कि दोनों ने खुद को फॉरेक्स ट्रेडिंग से जुड़ा बताते हुए बाजार में मजबूत पकड़ और उच्च रिटर्न का दावा किया। भरोसा दिलाया गया कि निवेश की गई राशि एक साल में दोगुनी हो जाएगी और हर महीने 50 हजार रुपये तक मुनाफा मिलेगा।

ये भी पढ़े : मुखिया के मुखारी -पक्ष -विपक्ष मस्त,छत्तीसगढ़िया पस्त है

बताया गया कि 6 अगस्त को बिलासपुर के मैग्नेटो मॉल के फूड जोन में मुलाकात के दौरान प्रार्थी ने 1.50 लाख रुपये नकद और 70 हजार रुपये डिजिटल माध्यम से दिए। इसके बाद अगस्त से अक्टूबर के बीच अलग-अलग किश्तों में कुल 6.05 लाख रुपये आरोपियों के खाते में जमा कराए गए।

शिकायत के अनुसार, वादे के विपरीत केवल 23 हजार रुपये ही वापस किए गए। बाकी रकम को लेकर आरोपी टालमटोल करते रहे और अंततः भुगतान से इनकार कर दिया।

पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया है। जांच के दौरान लेन-देन के डिजिटल साक्ष्य और बैंक विवरण खंगाले जा रहे हैं।

प्रकरण ने एक बार फिर निवेश के नाम पर चल रहे अनियमित और अप्रमाणित नेटवर्क पर सवाल खड़े किए हैं। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी निवेश योजना में राशि लगाने से पहले कंपनी, पंजीकरण और अधिकृत दस्तावेजों की स्वतंत्र जांच अवश्य करें, ताकि “दोगुना मुनाफा” जैसे आकर्षक दावों के जाल में फंसने से बचा जा सके।

 










You can share this post!


Click the button below to join us / हमसे जुड़ने के लिए नीचें दिए लिंक को क्लीक करे


Related News



Comments

  • No Comments...

Leave Comments