परमेश्वर राजपूत, गरियाबंद/ छुरा :गरियाबंद जिले के छुरा नगर में मतदाता सूची से कथित रूप से नाम हटाने के मामले को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल ने तहसील कार्यालय एवं थाना पहुंचकर ज्ञापन सौंपते हुए आरोप लगाया कि सुनियोजित तरीके से फर्जी फार्म-7 प्रस्तुत कर मतदाता सूची से कुछ लोगों के नाम हटाने की कार्रवाई की गई है।
प्रतिनिधिमंडल ने अपने ज्ञापन में उल्लेख किया कि मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया के अंतर्गत कुछ व्यक्तियों द्वारा षड्यंत्रपूर्वक एवं झूठे आधार पर फार्म-7 का दुरुपयोग किया गया। आरोप है कि इस प्रक्रिया के माध्यम से वर्ग विशेष के मतदाताओं के नाम सूची से हटाने का प्रयास किया गया, जो लोकतांत्रिक व्यवस्था पर सीधा प्रहार है।
ये भी पढ़े : मुखिया के मुखारी -पक्ष -विपक्ष मस्त,छत्तीसगढ़िया पस्त है
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यदि इस प्रकार फर्जी आपत्तियां दर्ज कर मताधिकार से वंचित करने की प्रवृत्ति पर रोक नहीं लगाई गई, तो यह लोकतंत्र के मूल सिद्धांतों के खिलाफ गंभीर खतरा साबित होगा। उन्होंने इसे न केवल लोकतंत्र का मजाक उड़ाने वाला कृत्य बताया, बल्कि नागरिकों के संवैधानिक एवं मौलिक अधिकारों के हनन का प्रयास भी करार दिया।ज्ञापन में प्रशासन से मांग की गई है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा जिन लोगों ने जानबूझकर गलत जानकारी देकर फार्म-7 प्रस्तुत किया है, उनके विरुद्ध विधिसम्मत कठोर दंडात्मक कार्रवाई करते हुए FIR दर्ज की जाए।
प्रतिनिधिमंडल ने चेतावनी दी कि यदि दोषियों के खिलाफ शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई, तो कांग्रेस पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से व्यापक आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।इस संबंध में प्रशासनिक अधिकारियों ने ज्ञापन प्राप्त कर जांच उपरांत उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। फिलहाल मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय स्तर पर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुखचंद बेसरा, अब्दुल समद खान, नीलकंठ ठाकुर, रमेश शर्मा, पार्षद सलीम मेमन, हरीश यादव, देवसिंह नेताम, पंच राम टंडन, शांतनु देवांगन, आकाश दीक्षित शैलेन्द्र दीक्षित, अखिल चौबे, लोकेंद्र कोमर्रा के साथ अन्य लोग मौजूद रहे।
.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)

Comments