बीजापुर : नक्सल प्रभावित इलाके में सुरक्षा बलों ने एक बार फिर बड़ी साजिश को वक्त रहते विफल कर दिया। ईलमिडी थाना क्षेत्र में जवानों ने सड़क के बीचों-बीच दबाकर रखे दो 10-10 किलो के IED बरामद कर मौके पर ही सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर दिए। समय पर कार्रवाई नहीं होती तो आवागमन के दौरान भारी जनहानि की आशंका थी।
ईलमिडी–मुजालकांकेर मार्ग पर एरिया डॉमिनेशन और डिमाइनिंग के लिए निकली संयुक्त टीम ने तलाशी के दौरान संदिग्ध गतिविधि पकड़ी। छसबल 9/D कंपनी और बीडीएस बीजापुर की टीम ने तकनीकी प्रक्रिया अपनाते हुए सड़क के बीच दबाए गए दोनों IED खोज निकाले। निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए बीडीएस ने मौके पर ही विस्फोटकों को निष्क्रिय कर नष्ट किया। कार्रवाई का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें टीम की सतर्कता और समन्वित रणनीति साफ दिखाई देती है।
ये भी पढ़े : मुखिया के मुखारी -हिंदुओं ने हिंदुत्व का मोल समझ लिया है
उसूर थाना क्षेत्र में केरिपु 196 वाहिनी और कोबरा 204 की संयुक्त टीम ने ताड़पाला हिल्स एरिया में सर्च ऑपरेशन चलाया। अभियान के दौरान दो अलग-अलग स्थानों से जमीन में छिपाकर रखी गई माओवादी सामग्री बरामद हुई। प्लास्टिक ड्रम और पॉलिथिन में विस्फोटक, राशन और अन्य सामान रखा गया था, जिसे जब्त कर लिया गया।
सुरक्षा बलों ने स्पष्ट किया कि प्रभावित क्षेत्रों में गश्त, निगरानी और डिमाइनिंग अभियान लगातार जारी रहेंगे। बार-बार की कार्रवाई से नक्सलियों की रणनीति पर असर पड़ रहा है और उनकी साजिशें उजागर हो रही हैं।
यह ऑपरेशन साफ संकेत देता है कि सड़क मार्गों को निशाना बनाकर दहशत फैलाने की कोशिशों को अब पहले ही चरण में नाकाम किया जा रहा है।
.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)

Comments