विश्व भर से जुटे मेहमानों के सामने अशोभनीय प्रदर्शन पर घिरी कांग्रेस

विश्व भर से जुटे मेहमानों के सामने अशोभनीय प्रदर्शन पर घिरी कांग्रेस

नई दिल्ली: विश्वस्तरीय आयोजन एआइ इम्पैक्ट समिट में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा अ‌र्द्धनग्न प्रदर्शन के कारण अब कांग्रेस की जमकर किरकिरी हो रही है।भाजपा ने इस पर कांग्रेस को टॉपलेस, ब्रेनलेस और शेमलेस बताने के साथ ही नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को देश का गद्दार तक कह डाला। सवाल खड़ा किया कि क्या कांग्रेस को इतना नहीं पता कि यह भाजपा का कार्यक्रम नहीं था, बल्कि वैश्विक आयोजन था। क्या कांग्रेस नहीं जानती कि प्रदर्शन कहां करना चाहिए?

राजनाथ सिंह का कांग्रेस पर निशाना

रक्षा मंत्री राजनाथ ने कांग्रेस के प्रदर्शन पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा- युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा एआइ इम्पैक्ट समिट के आयोजन स्थल पर अनुचित व्यवहार करते हुए जिस शर्मनाक तरीके से हंगामा किया गया, वह न केवल दुर्भाग्यपूर्ण है, बल्कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की प्रतिष्ठा को धूमिल करने का प्रयास भी है।

ये भी पढ़े : मुखिया के मुखारी -हिंदुओं ने हिंदुत्व का मोल समझ लिया है 

कांग्रेस के इस कृत्य की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि जब पूरी दुनिया भारत मंडपम में आयोजित एआइ इम्पैक्ट समिट को देख रही थी और प्रौद्योगिकी एवं नवाचार के क्षेत्र में भारत के बढ़ते वैश्विक नेतृत्व की साक्षी बन रही थी, तब कांग्रेस ने राष्ट्र का गौरव बढ़ाने के बजाय इस आयोजन में बाधा डालने का विकल्प चुना।

उन्होंने कहा कि भारत की जनता अच्छी तरह समझती है कि भारत को मजबूत व सक्षम बनाने के लिए कौन प्रतिबद्ध है और कौन बार-बार इसकी छवि धूमिल करने का प्रयास करता है। वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि यह कांग्रेस के अहंकार और हताशा का जीता-जागता उदाहरण है।

राहुल पर साधा निशाना

उन्होंने राहुल गांधी से पूछा- सरकार को निशाना बनाने के लिए भारत को अपमानित करना ही आपका विपक्ष का तरीका है? जहां आप हालिया व्यापार समझौतों के बारे में झूठ फैलाकर भारत के विकास को रोकना चाहते हैं। आपके कार्यकर्ता प्रतिष्ठित एआई शिखर सम्मेलन में बिना शर्ट पहने मार्च कर रहे हैं और 140 करोड़ भारतीयों को वैश्विक स्तर पर शर्मिंदा करने की कोशिश कर रहे हैं।

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि आज फिर से देश को अपमानित करने का पाप कांग्रेस ने किया है। उनके कार्यकर्ताओं ने केवल अपने कपड़े ही नहीं उतारे, बल्कि कांग्रेस को ही नंगा कर दिया है। इससे कांग्रेस का असली चेहरा सामने आ गया, जिसमें एआई का मतलब है अगेंस्ट इंडिया।

कृषि मंत्री ने इसे देशद्रोह का कृत्य बताते हुए सोनिया गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे से पूछा- क्या आपने देश की छवि खराब करने का कोई गुप्त समझौता किया है?शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि कांग्रेस ने भारत विरोधी मनोवृत्ति को वैश्विक स्तर पर दिखाया है।

'कांग्रेस बनी राष्ट्रीय शर्म'

संसदीय एवं अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री किरेन रिजीजू ने कहा कि यह एक वैश्विक एआई शिखर सम्मेलन है, भाजपा की चुनावी रैली नहीं। कांग्रेस खुद 'राष्ट्रीय शर्म' बन गई है और देश को शर्मिंदा करने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है। यह राजनीतिक विरोध नहीं, बल्कि भारत की वैश्विक छवि को धूमिल करने का प्रयास है।

वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने इस विरोध प्रदर्शन को कांग्रेस की घोर बेशर्मी करार दिया। वहीं, संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने इस प्रदर्शन पर कांग्रेस के लिए लिखा, "विनाशकाले विपरीत बुद्धि।"

भाजपा की ओर से राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं सांसद डॉ. संबित पात्रा ने आरोप लगाया कि यह षड्यंत्र राहुल गांधी, सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा की उपस्थिति में रचा गया। उन्होंने पिछले कई उदाहरणों का उल्लेख करते हुए गंभीर आरोप लगाया कि राहुल गांधी देश के गद्दार हैं।










You can share this post!


Click the button below to join us / हमसे जुड़ने के लिए नीचें दिए लिंक को क्लीक करे


Related News



Comments

  • No Comments...

Leave Comments