बेमेतरा, 25 फरवरी 2026:- जिला पंचायत सभागार में आज कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाई ने ग्रामीण विकास से जुड़ी प्रमुख योजनाओं—मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), बिहान योजना तथा स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) अंतर्गत संचालित निर्माण कार्यों की विस्तृत समीक्षा बैठक ली। बैठक में जिला पंचायत सीईओ प्रेमलता पदमाकर, उप संचालक जिला पंचायत सुश्री देसाई, विभिन्न जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, कार्यक्रम अधिकारी, जिला समन्वयक एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान कलेक्टर ने योजनावार प्रगति की समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन हितग्राहियों के आवास निर्माण कार्यों में प्रगति अपेक्षाकृत कम है, उन्हें गंभीरता से लेते हुए एक माह के भीतर कार्य पूर्ण कराने की कार्ययोजना तैयार की जाए। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को समय पर पक्के आवास उपलब्ध कराना है, इसलिए लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाते हुए उन्होंने समय-सीमा निर्धारित कर लक्ष्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। मनरेगा की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि जिले में श्रमिकों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने ब्लॉक स्तरीय मनरेगा कार्यक्रम अधिकारियों को निर्देशित किया कि अधिक से अधिक श्रमिकों का पंजीयन एवं रोजगार उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दें। कार्यस्थलों पर श्रमिकों की संख्या बढ़ाई जाए तथा भुगतान प्रक्रिया समयबद्ध हो। उन्होंने कहा कि मनरेगा केवल रोजगार उपलब्ध कराने की योजना नहीं, बल्कि ग्रामीण आधारभूत संरचना सुदृढ़ करने का माध्यम भी है, इसलिए गुणवत्ता एवं पारदर्शिता दोनों सुनिश्चित की जाएं।
मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत निर्माणाधीन फीकल स्लज मैनेजमेंट यूनिट के प्रारंभ न होने पर कलेक्टर ने गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने जिला समन्वयक एवं संबंधित सीईओ को निर्देशित किया कि प्लांट को शीघ्र संचालन में लाया जाए। आसपास के गांवों से स्लज मंगाकर प्लांट को रनिंग स्थिति में लाने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार की जाए। कलेक्टर ने यह भी कहा कि निजी व्यक्ति या संस्थाएं यदि गटर एवं सेप्टिक टैंक की सफाई कर गांवों में इधर-उधर खुले स्थानों पर मल त्याग सामग्री फेंकते पाए जाते हैं तो उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि ऐसे सभी वाहनों को शासन द्वारा स्थापित प्लांट में ही स्लज निस्तारण करने के लिए बाध्य किया जाए, ताकि सार्वजनिक स्वास्थ्य एवं पर्यावरण संरक्षण सुनिश्चित हो सके।
बिहान योजना की समीक्षा के दौरान महिला स्व-सहायता समूहों की गतिविधियों को और सशक्त करने, आजीविका गतिविधियों में वृद्धि करने तथा बैंक लिंकेज की स्थिति में सुधार लाने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि समूहों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में ठोस पहल की जाए और उनके उत्पादों के विपणन की व्यवस्था मजबूत की जाए।
बैठक में मुख्यमंत्री द्वारा पूर्व में की गई घोषणाओं के लंबित कार्यों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सभी लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण कराया जाए तथा प्रगति की नियमित मॉनिटरिंग की जाए। उन्होंने कहा कि वित्तीय वर्ष की समाप्ति से पूर्व सभी स्वीकृत कार्यों का क्रियान्वयन पूर्ण कर लिया जाए और संबंधित पोर्टल में प्रविष्टियां समय पर की जाएं, ताकि किसी प्रकार की वित्तीय या प्रशासनिक बाधा उत्पन्न न हो।
कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाई ने बैठक के अंत में कहा कि सभी अधिकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में गंभीरता, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करें। ग्रामीण विकास से जुड़ी योजनाएं सीधे आमजन के जीवन स्तर को प्रभावित करती हैं, अतः लक्ष्य प्राप्ति के साथ-साथ गुणवत्ता भी सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने समय-समय पर फील्ड निरीक्षण कर वास्तविक स्थिति की समीक्षा करने के भी निर्देश दिए।
.jpeg)

Comments