बेमेतरा : कलेक्ट प्रतिष्ठा ममगाईं की अध्यक्षता में संयुक्त जिला कार्यालय स्थित दिशा सभाकक्ष में जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जल जीवन मिशन अंतर्गत संचालित कार्यों की प्रगति, वित्तीय स्वीकृतियों, अतिरिक्त कार्यों तथा लंबित समस्याओं की विस्तृत समीक्षा की गई और समयबद्ध कार्ययोजना पर जोर दिया गया।बैठक के प्रारंभ में सदस्य सचिव एवं कार्यपालन अभियंता द्वारा समिति को एजेंडा बिंदुओं से अवगत कराया गया। 29 जनवरी 2026 के उपरांत प्राप्त आवंटन तथा किए गए भुगतान की अनुमोदन पर चर्चा की गई। इसके साथ ही अतिरिक्त कार्यों जैसे नई पाइप लाइन विस्तार एवं फंक्शनल हाउसहोल्ड टैप कनेक्शन की स्वीकृति संबंधी प्रस्तावों पर विचार-विमर्श किया गया।
मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
कलेक्टर ने जल जीवन मिशन के अंतर्गत चल रहे कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि सभी लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण किया जाए। जिन ग्रामों में विद्युत संयोजन हेतु डिमांड नोट का भुगतान किया जा चुका है, किंतु अब तक विद्युत कनेक्शन प्राप्त नहीं हुआ है, ऐसे ग्रामों की स्थिति पर विशेष चर्चा की गई। संबंधित विभागों को समन्वय स्थापित कर शीघ्र विद्युत संयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि पेयजल आपूर्ति बाधित न हो। बैठक में 9 फरवरी 2026 को मुख्य सचिव की अध्यक्षता में आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में दिए गए निर्देशों एवं चर्चा बिंदुओं की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने कहा कि राज्य स्तर पर निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति के लिए जिला स्तर पर सतत मॉनिटरिंग आवश्यक है और प्रत्येक एजेंसी को जिम्मेदारी के साथ कार्य करना होगा। इसके अतिरिक्त, कार्य में रुचि न लेने वाली अथवा धीमी प्रगति वाली एजेंसियों की स्थिति की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि गुणवत्ता एवं समय-सीमा से समझौता नहीं किया जाएगा। लापरवाही बरतने वाली एजेंसियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
साथ ही पूर्ण हो चुके ग्रामों के हस्तांतरण, संचालन एवं संधारण (O&M) व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा समूह जल प्रदाय योजनाओं में आ रही तकनीकी एवं प्रशासनिक समस्याओं के निराकरण पर भी विस्तार से चर्चा की गई।कलेक्टर ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए जिले के प्रत्येक ग्राम तक सुरक्षित एवं नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन केवल एक योजना नहीं, बल्कि ग्रामीण जीवन स्तर में सुधार का महत्वपूर्ण माध्यम है, जिसे प्राथमिकता के साथ पूर्ण किया जाना चाहिए। बैठक में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी, महिला एवं बाल विकास, विद्युत, जनसंपर्क तथा लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारी एवं जिला समन्वयक उपस्थित रहे।
.jpeg)

Comments