किरंदुल : बंगाली कैंप, वार्ड क्रमांक 4 स्थित नगर की आस्था का प्रमुख केंद्र श्री श्री राधा कृष्ण मंदिर परिसर में शुक्रवार प्रातः 10 बजे भव्य स्वागतद्वार निर्माण हेतु विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भूमि पूजन कार्यक्रम श्रद्धा और उत्साह के वातावरण में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष रूबी शैलेंद्र सिंह ने पूजा-अर्चना कर नारियल फोड़कर एवं शिलापट्ट पर पूजन कर स्वागतद्वार निर्माण की आधारशिला रखी। इस अवसर पर पूरे मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा। शंखनाद, मंत्रोच्चार और पुष्पवर्षा के बीच उपस्थित श्रद्धालुओं ने ‘राधे-राधे’ के जयघोष के साथ इस ऐतिहासिक क्षण का स्वागत किया।
अपने संबोधन में अध्यक्ष रूबी शैलेंद्र सिंह ने कहा कि यह स्वागतद्वार केवल एक निर्माण कार्य नहीं, बल्कि श्रद्धालुओं की वर्षों पुरानी भावना और आस्था का साकार रूप है। उन्होंने कहा,
“श्री राधा-कृष्ण मंदिर नगरवासियों की आस्था का केंद्र है। यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं। भव्य स्वागतद्वार बनने से मंदिर की गरिमा और आकर्षण में अभूतपूर्व वृद्धि होगी। यह द्वार नगर की सांस्कृतिक पहचान को भी नई दिशा देगा।”उन्होंने आगे कहा कि नगर पालिका परिषद मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण, स्वच्छता व्यवस्था और धार्मिक आयोजनों को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत है तथा भविष्य में भी हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।
मंदिर समिति के अध्यक्ष तुलसी राय एवं सचिव बिप्लव मल्लिक ने जानकारी देते हुए बताया कि स्वागतद्वार निर्माण की मांग लंबे समय से की जा रही थी। समिति एवं श्रद्धालुओं के संयुक्त प्रयास से अब यह कार्य प्रारंभ हो सका है। उन्होंने नगर पालिका अध्यक्ष एवं परिषद का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस पहल से श्रद्धालुओं में हर्ष और उत्साह का वातावरण है।
ये भी पढ़े : मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
वार्ड क्रमांक 4 के पार्षद अमृत टंडन ने कार्यक्रम में सक्रिय भूमिका निभाते हुए कहा कि धार्मिक स्थलों का विकास केवल भवन निर्माण तक सीमित नहीं होता, बल्कि यह सामाजिक एकता, सांस्कृतिक समरसता और सामुदायिक भावना को सुदृढ़ करता है। उन्होंने आश्वासन दिया कि वार्ड के विकास कार्यों के साथ-साथ धार्मिक एवं जनहित से जुड़े प्रत्येक कार्य में उनका पूर्ण सहयोग रहेगा।
इस अवसर पर पार्षद लक्ष्मी ठाकुर, देवकी ठाकुर, यशोदा चुन्नम, लीना सोनी, गोपीनाथ हरिजन, राजकुमार सोनी, थामस बाबू दुर्गम, के. सजी, अनिल मरकाम, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष शैलेन्द्र सिंह सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के पश्चात उपस्थित भक्तों एवं समिति सदस्यों ने मंदिर परिसर के समग्र विकास, प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता अभियान तथा आगामी धार्मिक आयोजनों को और अधिक भव्य एवं सुव्यवस्थित ढंग से आयोजित करने पर विचार-विमर्श किया।
भूमि पूजन के साथ ही स्वागतद्वार निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ किए जाने की जानकारी दी गई। श्रद्धालुओं को विश्वास है कि यह भव्य प्रवेश द्वार भविष्य में मंदिर की पहचान बनेगा और नगर की धार्मिक-सांस्कृतिक छवि को नई ऊंचाई प्रदान करेगा।
आस्था, विकास और सामूहिक सहयोग का यह संगम आने वाले समय में मंदिर परिसर को और अधिक भव्य और आकर्षक स्वरूप प्रदान करेगा।
.jpeg)

Comments