परमेश्वर राजपूत, गरियाबंद /छुरा : विकासखंड छुरा के जतमई अंचल स्थित बिटवीन जंगल रिसोर्ट में राष्ट्रीय हिंदू वाहिनी, छत्तीसगढ़ द्वारा होली मिलन समारोह का आयोजन उत्साह और संगठनात्मक ऊर्जा के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में महासमुंद और गरियाबंद जिलों से सैकड़ों पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। आयोजन का मुख्य उद्देश्य हिंदू समाज की एकता, संगठन की मजबूती और आगामी धार्मिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करना रहा।समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में संगठन के राष्ट्रीय पर्यवेक्षक एवं प्रदेश अध्यक्ष (छत्तीसगढ़) रोशन दुबे उपस्थित रहे। विशेष अतिथियों में प्रदेश प्रभारी सरजू तिवारी, प्रदेश अध्यक्ष (महिला प्रकोष्ठ) मोहिनी शर्मा, महामंत्री प्राची चंद्राकर, उपाध्यक्ष छाया दुबे, प्रदेश कार्यवाह महामंत्री अरविंद दुबे, प्रदेश उपाध्यक्ष देवकरण मरकाम, कोषाध्यक्ष कृष्णा कुमार चंद्राकर तथा प्रवक्ता नरेंद्र शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।कार्यक्रम के दौरान प्रदेश अध्यक्ष रोशन दुबे ने कार्यकर्ताओं की विस्तृत बैठक ली और संगठन को बूथ एवं ग्राम स्तर तक सशक्त बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि संगठन का मूल उद्देश्य हिंदू समाज को संगठित करना, हिंदू हितों की रक्षा करना तथा सामाजिक समरसता को बढ़ावा देना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से नियमित जनसंपर्क, सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी और संगठन विस्तार अभियान को गति देने का आह्वान किया।
ये भी पढ़े : मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
बैठक में आगामी 31 मार्च 2026 को बिरकोनी (महासमुंद) में आयोजित होने वाले संत समागम एवं चंडी यज्ञ कार्यक्रम की तैयारियों पर विशेष चर्चा की गई। बताया गया कि इस धार्मिक आयोजन में स्वामी निश्चलानंद सरस्वती सहित विभिन्न संतों का आगमन प्रस्तावित है। कार्यक्रम को ऐतिहासिक और भव्य बनाने के लिए सभी पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं तथा अधिक से अधिक धर्मप्रेमियों को आमंत्रित करने की अपील की गई।नेताओं ने कहा कि संत समागम जैसे आयोजन समाज में आध्यात्मिक चेतना, सांस्कृतिक गौरव और सामाजिक एकजुटता को मजबूत करते हैं। इसके सफल आयोजन के लिए सभी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर तैयारी में जुटने का आह्वान किया गया।बैठक के उपरांत होली मिलन समारोह का आयोजन हुआ, जिसमें सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। सौहार्दपूर्ण वातावरण में पारंपरिक गीत-संगीत के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ।समारोह में महासमुंद एवं गरियाबंद जिलों के सैकड़ों कार्यकर्ताओं की उपस्थिति ने संगठन की सक्रियता और विस्तार को दर्शाया। आयोजन को सफल बनाने में स्थानीय इकाई के पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
.jpeg)

Comments