कबीरधाम में लूट गिरोह का भंडाफोड़, कुकदूर पुलिस की सटीक रणनीति से एक नाबालिक सहित 6 आरोपी गिरफ्तार, लूटा गया सामान बरामद

कबीरधाम में लूट गिरोह का भंडाफोड़, कुकदूर पुलिस की सटीक रणनीति से एक नाबालिक सहित 6 आरोपी गिरफ्तार, लूटा गया सामान बरामद

 

 

कवर्धा :जिला कबीरधाम अंतर्गत थाना कुकदूर क्षेत्र में हाल के दिनों में तीन अलग-अलग स्थानों पर लूट की घटनाएं सामने आई थीं, जिनमें राह चलते लोगों को डरा-धमकाकर नगदी, मोबाईल फोन एवं मोटर सायकल जैसी संपत्ति लूट ली गई थी। इन घटनाओ के पीड़ित प्रारंभिक रूप से भय के कारण थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराने से कतरा रहे थे, परंतु थाना कुकदूर पुलिस द्वारा पीड़ितों को समझाइश देकर हौसला बढ़ाया गया, सुरक्षा का भरोसा दिलाया गया तथा विधिक कार्यवाही की प्रक्रिया समझाई गई, जिसके बाद पीड़ितों ने साहस दिखाते हुए विधिवत रिपोर्ट दर्ज कराई।

घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा तत्काल प्रभाव से विशेष टीम गठित करने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र बघेल एवं अमित पटेल के निर्देशन में तथा एसडीओपी पंडरिया भूपत सिंह धनश्री के पर्यवेक्षण तथा थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित कर सघन पतासाजी, तकनीकी साक्ष्य संकलन, संदिग्धों से पूछताछ एवं मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया।

पहली घटना दिनांक 07/02/2026 की है, जिसमें ग्राम कबराटोला निवासी वाहन चालक के साथ ग्राम भुरभुसपानी से लगभग 02 किलोमीटर आगे घाटी के पास डंडा दिखाकर डराने-धमकाने के बाद जेब में रखे 5000 रुपये नगद की लूट की गई थी।

दूसरी घटना दिनांक 26/02/2026 की है, जिसमें ग्राम सिंगपुर निवासी युवक के साथ कुई-बदना मार्ग पर बुडूनरान नाला के पास तीन आरोपियों द्वारा मारपीट कर मोबाईल फोन एवं नगदी लूट ली गई थी तथा मोटर सायकल की चाबी भी लेकर फरार हो गए थे।

तीसरी घटना दिनांक 19/02/2026 की है, जिसमें ग्राम छिन्दीडीह निवासी युवक को बहाने से मोटर सायकल में बैठाकर दमगढ़-नेऊर मार्ग पर पुल के पास रोककर मारपीट कर उसकी मोटर सायकल लूट ली गई थी।

मामले में थाना कुकदूर में 3 अलग अलग अपराध क्रमांक 10/2026, 11/2026, 12/2026 दर्ज किया गया है। 

घटनाओं की तफ्तीश के दौरान पुलिस टीम द्वारा इलाके में लगातार दबिश दी गई, संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर रखी गई और तकनीकी व मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान कर कुल 06 आरोपियों को चिन्हित किया गया, जिनमें से 01 विधि से संघर्षरत बालक है तथा 05 आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कार्यवाही शेष है इसलिए उनके नाम उजागर नहीं किए जा रहे है। पहचान कार्यवाही पूर्ण होने से उनके नाम पृथक से जारी किए जाएंगे। 

विधि से संघर्षरत बालक के विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के तहत पृथक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।

आरोपियों की निशानदेही पर तीनों घटनाओं में लूटा गया सामान बरामद किया गया है, जो इस प्रकार है –

(01) नगद राशि

(02) मोबाईल फोन

(03) मोटर सायकल

पूरे प्रकरण में थाना कुकदूर पुलिस की सतर्कता, सतत मेहनत एवं पेशेवर कार्यशैली से यह स्पष्ट होता है कि अपराधी चाहे जितनी भी चालाकी से वारदात को अंजाम दें, वे कानून की पकड़ से नहीं बच सकते। क्षेत्र में पेट्रोलिंग बढ़ाई गई है तथा संवेदनशील मार्गों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।

पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह (भा.पु.से.) द्वारा आम नागरिकों से अपील की गई है कि किसी भी प्रकार की आपराधिक घटना होने पर भयभीत न हों, तत्काल पुलिस को सूचना दें। कबीरधाम पुलिस अपराध करने वालों के विरुद्ध आगे भी और अधिक कठोर कार्यवाही करेगी। ऐसे कृत्यों में संलिप्त अपराधियों के लिए स्पष्ट संदेश है कि कबीरधाम पुलिस के चंगुल से कोई भी अपराधी नहीं बच पाएगा और अपराध की राह चुनने वालों का अंतिम ठिकाना जेल ही है।

उपरोक्त कार्यवाही में प्रधान आरक्षक-हीरेंद्र प्रताप सिंह,मनोज तिवारी,संजू झारिया 

आरक्षक-अजय कांत तिवारी,संदीप पांडेय,दूज राम,पंच राम बघेल,रामकुमार पाटले,कृष्ण कुमार धुर्वे,ईश्वर चंद्रवंशी का विशेष योगदान रहा।








You can share this post!


Click the button below to join us / हमसे जुड़ने के लिए नीचें दिए लिंक को क्लीक करे


Related News



Comments

  • No Comments...

Leave Comments