छत्तीसगढ़ में होली पर बवाल: जांच करने पहुंची पुलिस टीम पर हमला

छत्तीसगढ़ में होली पर बवाल: जांच करने पहुंची पुलिस टीम पर हमला

बिलासपुर: बिलासपुर जिले में होली के दिन पुलिस टीम पर हमला होने का मामला सामने आया है। बिल्हा थाना क्षेत्र के ग्राम निपनिया में मारपीट की शिकायत की जांच करने पहुंची पुलिस टीम पर कुछ ग्रामीणों ने हमला कर दिया। इस घटना में थाना प्रभारी समेत तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार होली के दिन सूचना मिली थी कि पेंडरवा निवासी जलेश्वर साहू के साथ गांव के कुछ युवकों ने मारपीट की है। शिकायत मिलने पर पुलिस टीम गांव पहुंची और जलेश्वर साहू को साथ लेकर थाने आई, जहां वह मारपीट की रिपोर्ट दर्ज करा रहा था। इसी दौरान उसकी बेटी ने पुलिस को फोन कर बताया कि जिन लोगों ने उसके पिता के साथ मारपीट की थी, वही लोग घर के सामने आकर हंगामा कर रहे हैं। सूचना मिलने पर बिल्हा थाना प्रभारी अवनीश पासवान अपनी टीम के साथ फिर से गांव के लिए रवाना हुए। रास्ते में निपनिया के पास आरोपियों की एक कार क्षतिग्रस्त अवस्था में मिली।

पुलिस टीम कार चालक को पकड़कर थाने ले जा रही थी। तभी गांव के जावेद, अजीम, कार्तिक श्रीवास, पप्पू और उनके अन्य साथी मौके पर पहुंच गए और पुलिस कार्रवाई का विरोध करने लगे। आरोपियों ने कार चालक को छुड़ाने की कोशिश करते हुए पुलिसकर्मियों से धक्का-मुक्की शुरू कर दी। इस दौरान महिला आरक्षक चंदा यादव के साथ भी धक्का-मुक्की की गई। आरक्षक मौसम साहू की वर्दी फाड़ दी गई और उसके साथ मारपीट की गई। बीच-बचाव करने पहुंचे आरक्षक संतोष मरकाम से भी आरोपियों ने मारपीट की। टीआई अवनीश पासवान ने युवकों को समझाने की कोशिश की। तब आरोपियों ने उनके साथ भी धक्का-मुक्की कर दी। इससे टीआई भी घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही थाने से अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस बल को देखते ही आरोपी और उनके साथी मौके से भाग निकले। पुलिस टीम ने किसी तरह कार चालक को अपने कब्जे में लेकर थाने पहुंचाया। थाना प्रभारी की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा, मारपीट और अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में शामिल अन्य लोगों की तलाश जारी है।









You can share this post!


Click the button below to join us / हमसे जुड़ने के लिए नीचें दिए लिंक को क्लीक करे


Related News



Comments

  • No Comments...

Leave Comments