कोसा नाला का होगा कायाकल्प, सूर्या मॉल चौक पर हटेगा अतिक्रमण; कमिश्नर ने दिए सख्त निर्देश

कोसा नाला का होगा कायाकल्प, सूर्या मॉल चौक पर हटेगा अतिक्रमण; कमिश्नर ने दिए सख्त निर्देश

भिलाई : नगर पालिक निगम भिलाई के आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय ने शहर की बुनियादी सुविधाओं और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए कमर कस ली है।इसी कड़ी में उन्होंने जोन-1 नेहरू नगर क्षेत्र का सघन दौरा कर विभिन्न विकास कार्यों और जनसुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान कमिश्नर ने मानसून पूर्व जलभराव की समस्या से निपटने के लिए कोसा नाला परियोजना और सुगम यातायात के लिए अतिक्रमण हटाने जैसे संवेदनशील मुद्दों पर अधिकारियों को कड़े दिशा-निर्देश जारी किए।निरीक्षण के दौरान आयुक्त पाण्डेय सुपेला थाना के पीछे स्थित कोसा नाले पहुंचे। उन्होंने स्पष्ट किया कि बारिश के मौसम में इस क्षेत्र में होने वाले जलभराव से नागरिकों को मुक्ति दिलाना निगम की प्राथमिकता है।

नाले के गहरीकरण और चौड़ीकरण का कार्य युद्धस्तर पर जारी है, ताकि भारी बारिश के दौरान भी पानी की निकासी सुचारू बनी रहे। उन्होंने कहा कि कोसा नाला पर बन रही रिटेनिंग वॉल मानसून के दौरान आसपास की बस्तियों को बाढ़ के खतरे से बचाने के लिए एक महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचा साबित होगी। साथ ही, उन्होंने नाले के बहाव क्षेत्र में किए गए अवैध अतिक्रमणों को चिह्नित कर उन पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है 

शहर की सफाई व्यवस्था का जायजा लेते हुए आयुक्त ने एस.एल.आर.एम. सेंटर का भी अवलोकन किया। वहां उन्होंने कार्यरत महिला स्वच्छता कर्मियों से चर्चा कर उनका उत्साह बढ़ाया और प्रतिदिन की उपस्थिति पंजी की जांच की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शहर की स्वच्छता और कचरा प्रबंधन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके बाद उन्होंने संजय नगर वार्ड-6 में पुराने नाले के पास बनाई गई रिटेनिंग वॉल का निरीक्षण किया, जो बारिश के दिनों में जलभराव रोकने में सहायक होगी।

निरीक्षण के दौरान नेहरू नगर सूर्या मॉल चौक के पास यातायात व्यवस्था में बड़ी बाधा देखने को मिली। यहां व्यापारियों द्वारा किए गए अतिक्रमण और ट्रांसफार्मर के कारण सड़क संकरी हो गई है, जिससे आवागमन प्रभावित हो रहा है। आयुक्त ने इस पर कड़ा रुख अपनाते हुए जोन आयुक्त अजय राजपूत और सहायक राजस्व अधिकारी सुनील जोशी को आदेश दिया कि यातायात को सुगम बनाने के लिए ‘लेफ्ट फ्री’ योजना के रास्ते में आ रहे सभी अवरोधों और अतिक्रमणों को तत्काल हटाया जाए।

निगम आयुक्त के इस मैदानी निरीक्षण के दौरान संजय अग्रवाल, पुरुषोत्तम सिन्हा, बसंत साहू, रीमा जामुलकर और जोन स्वच्छता निरीक्षक कमलेश द्विवेदी सहित अन्य प्रमुख अधिकारी मौजूद रहे। 









You can share this post!


Click the button below to join us / हमसे जुड़ने के लिए नीचें दिए लिंक को क्लीक करे


Related News



Comments

  • No Comments...

Leave Comments