सिलीगुड़ी : केंद्रीय उपभोक्ता मामलों, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण तथा नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रल्हाद जोशी ने बंगाल की तृणमूल कांग्रेस सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वह घुसपैठियों को आश्रय देकर राज्य को अशांत करना चाहती है ताकि सत्ता में बनी रहे। वह शनिवार को दिल्ली से सिलीगुड़ी पहुंचे। यहां वह भाजपा की परिवर्तन यात्रा में शामिल होने आए हैं।बागडोगरा हवाईअड्डे पर संवाददाताओं से बातचीत में उन्होंने ममता सरकार की नीतियों की कड़ी आलोचना की और कहा कि बंगाल में बदलाव का समय आ चुका है।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
उन्होंने कहा कि टीएमसी का मुख्य उद्देश्य राज्य को अराजकता और अशांति में रखकर अपनी सत्ता को मजबूत करना है। टीएमसी एसआइआर का विरोध इसलिए कर रही है, क्योंकि वह घुसपैठियों को संरक्षण देना चाहती है। एसआइआर पहले भी होता रहा है लेकिन अब सूचना प्रौद्योगिकी के दौर में इसका बेहतर उपयोग हो रहा है। तृणमूल भयभीत है क्योंकि बंगाल में परिवर्तन की लहर चल रही है।
उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी को न तो चुनाव आयोग पर भरोसा है, न ही नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक पर। ममता भारत सरकार और लोकसभा पर भी भरोसा नहीं करती। यहां तक कि देश की सेना का भी तृणमूल समय-समय पर विरोध करती रहती है।
साथ ही कहा कि टीएमसी सरकार इस्लामिक शासन व्यवस्था को बंगाल में लागू करना चाहती है। यह लोकतंत्र के लिए खतरनाक है। भाजपा की परिवर्तन यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि यह यात्रा बंगाल में बदलाव की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह राज्य की जनता को टीएमसी के कुशासन से मुक्ति दिलाएगी।



Comments