बेमेतरा टेकेश्वर दुबे , 08 मार्च 2026 : महिलाओं की सुरक्षा एवं उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से बेमेतरा जिले में “अभिव्यक्ति” योजनांतर्गत अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान तथा उनके संवैधानिक एवं मौलिक अधिकारों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई और आपसी अभिवादन के साथ अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक कार्यालय बेमेतरा में आज 08 मार्च 2026 को महिला पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सम्मान में समारोह आयोजित किया गया। पुलिस उप महानिरीक्षक (DIG) रामकृष्ण साहू (भा.पु.से.) ने जिले की महिला पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्मृति चिन्ह, प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया तथा उन्हें अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं एवं बधाई दी। इस अवसर पर डीएसपी कौशिल्या साहू, डीएसपी शशीकला उइके, उप निरीक्षक शैल शर्मा, महिला प्रधान आरक्षक वर्षा चौबे, पूनम ठाकुर, अनुपमा दुबे, बालमति नायक, रीना गायकवाड़ तथा महिला आरक्षक अमरीका पटेल, प्रीति यादव, नंदनी यादव, रामबती नेताम, गीता मरकाम, द्रोपती ठाकुर, खेमा मरकाम, केशर जहां, भारती सिंह, सुशीला ध्रुव, मालती साहू, ऋतु यादव, सरला भारती, निकिता वैष्णव, सरला नामदेव, राही यादव, प्रियंका सिंह सहित नव नियुक्त महिला आरक्षक सीमा मिर्चे, भारती, नेहा वर्मा, मोनिका, पूर्णिमा मंडावी, निर्जला, उमा, प्रियंका, विनीता एवं अन्य महिला पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस उप महानिरीक्षक (DIG) श्री रामकृष्ण साहू (IPS) ने कहा कि महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में समुचित कार्य करते हुए महिलाओं एवं बच्चों को न्याय दिलाना तथा उन्हें आवश्यक संरक्षण प्रदान करना पुलिस की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं अपनी प्रतिभा, काबिलियत और मजबूत इच्छाशक्ति के बल पर सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक और प्रशासनिक क्षेत्रों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं तथा समाज और क्षेत्र के विकास में भी अपनी अहम भागीदारी सुनिश्चित कर रही हैं। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से समन्वय स्थापित कर महिलाओं एवं बच्चों को सशक्त बनाने तथा उन्हें आवश्यक विधिक सलाह और सहयोग प्रदान करने का आह्वान किया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री हरीश कुमार यादव ने महिला पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं एवं बधाई देते हुए कहा कि महिला सशक्तिकरण तभी संभव है जब महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनें। आत्मनिर्भरता से महिलाओं में आत्मविश्वास का विकास होता है और वे अपने जीवन में सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ सकती हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक महिला में कोई न कोई प्रतिभा होती है, आवश्यकता है उसे पहचानने और लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने की।
डीएसपी (मुख्यालय) श्री राजेश कुमार झा ने महिला पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उनके संवैधानिक अधिकारों, घरेलू हिंसा से संरक्षण तथा महिला सशक्तिकरण के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी और सभी को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं दीं।डीएसपी श्रीमती कौशिल्या साहू एवं डीएसपी श्रीमती शशीकला उइके ने कहा कि आत्मनिर्भर महिला अपने विचारों को समाज और परिवार के सामने आत्मविश्वास के साथ रख सकती है। “अभिव्यक्ति” योजनांतर्गत जागरूकता कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा उनके विरुद्ध होने वाली हिंसा को रोकना है।कार्यक्रम का संचालन डीएसपी (मुख्यालय) श्री राजेश कुमार झा द्वारा किया गया तथा अंत में रक्षित निरीक्षक श्री प्रवीण कुमार खलखो ने कार्यक्रम में सहभागिता के लिए सभी का आभार व्यक्त किया।इस कार्यक्रम में जिले के थाना/चौकी, शाखाओं, रक्षित केन्द्र, महिला सेल, पुलिस कंट्रोल रूम एवं पुलिस अधीक्षक कार्यालय के महिला पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



Comments