समाज निर्माण में महिलाओं की भूमिका महत्वपूर्ण : विधायक दीपेश साहू

समाज निर्माण में महिलाओं की भूमिका महत्वपूर्ण : विधायक दीपेश साहू

बेमेतरा टेकेश्वर दुबे : अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर एकीकृत बाल विकास परियोजना, बेरला द्वारा आयोजित “परियोजना स्तरीय बृहद महतारी सम्मेलन” का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बेमेतरा विधायक दीपेश साहू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान शिक्षा, सामाजिक सेवा, राजस्व, महिला एवं बाल विकास सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया गया तथा उनका उत्साहवर्धन किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक दीपेश साहू ने कहा कि नारी शक्ति समाज की वास्तविक आधारशिला है। परिवार में संस्कारों की शुरुआत माँ से होती है और वही संस्कार आगे चलकर एक सशक्त समाज और राष्ट्र के निर्माण का मार्ग प्रशस्त करते हैं। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और परिश्रम से नई पहचान बना रही हैं।

ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है 

विधायक साहू ने कहा कि आज देश और प्रदेश में महिलाएं शिक्षा, प्रशासन, न्यायपालिका, विज्ञान, चिकित्सा, सेना, पुलिस, राजनीति, कृषि, व्यापार और सामाजिक नेतृत्व जैसे अनेक क्षेत्रों में महत्वपूर्ण पदों पर कार्य कर रही हैं और अपनी दक्षता का परिचय दे रही हैं। भारत की राष्ट्रपति, राज्यपाल, मुख्यमंत्री, मंत्री, सांसद, विधायक, कलेक्टर, पुलिस अधिकारी, वैज्ञानिक और शिक्षाविद जैसे महत्वपूर्ण पदों पर भी महिलाएं अपनी जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन कर रही हैं, जो यह दर्शाता है कि आज की नारी किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं है।

उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। महिलाओं को शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, सुरक्षा और आर्थिक आत्मनिर्भरता प्रदान करने के उद्देश्य से अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। आंगनबाड़ी व्यवस्था, महिला स्व-सहायता समूहों का सशक्तिकरण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य योजनाएं तथा स्वरोजगार से जुड़ी योजनाएं महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

विधायक साहू ने कहा कि जब एक महिला सशक्त होती है तो पूरा परिवार सशक्त होता है और जब परिवार सशक्त होता है तो समाज और राष्ट्र स्वतः मजबूत बनता है। इसलिए महिलाओं को सम्मान और समान अवसर प्रदान करना हम सभी का कर्तव्य है। उन्होंने उपस्थित माताओं-बहनों से आह्वान किया कि वे शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाकर स्वयं को शिक्षित, जागरूक और आत्मनिर्भर बनाएं तथा समाज के विकास में सक्रिय भूमिका निभाएं।

उन्होंने आगे कहा कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस केवल एक दिन का उत्सव नहीं बल्कि यह महिलाओं के सम्मान, समानता और अधिकारों के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का प्रतीक है। हमें यह संकल्प लेना चाहिए कि समाज में महिलाओं के प्रति सम्मान, सुरक्षा और समान अवसर की भावना को और अधिक मजबूत बनाया जाए।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश मंत्री संध्या परगनिया, नगर पंचायत बेरला-कुसमी अध्यक्ष चंद्र प्रकाश साहू, विशाल राज देशलहरा, जनपद सदस्य रेखा पोषण सिन्हा, जनपद सदस्य गौकरण साहू (राजा), जनपद सदस्य नीरज सिंह राजपूत प्रसाद, पार्षद लक्ष्मी लता वर्मा, पार्षद यतिश द्विवेदी सहित बेरला परियोजना के समस्त अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में हजारों की संख्या में माताएं-बहनें उपस्थित होकर कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई।कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित कर उनके योगदान की सराहना की गई तथा सभी को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं दी गईं।









You can share this post!


Click the button below to join us / हमसे जुड़ने के लिए नीचें दिए लिंक को क्लीक करे


Related News



Comments

  • No Comments...

Leave Comments