महिलाओं के संघर्ष, समर्पण और त्याग से होता है समाज का नव निर्माण – विधायक दीपेश साहू

महिलाओं के संघर्ष, समर्पण और त्याग से होता है समाज का नव निर्माण – विधायक दीपेश साहू

बेमेतरा टेकेश्वर दुबे :अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय बेमेतरा के टाउन हॉल में जिला स्तरीय महिला सम्मेलन एवं महिला मड़ई का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिलेभर से बड़ी संख्या में आईं सैकड़ों महिलाओं और बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर महिलाओं को विभिन्न शासकीय योजनाओं से लाभांवित करने के साथ ही समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया।कार्यक्रम में महिला स्व सहायता समूहों को आजीविका संवर्धन के लिए बिहान (राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन) के अंतर्गत चेक वितरित किए गए, जिससे वे स्व-रोजगार स्थापित कर आर्थिक रूप से सशक्त बन सकें और समाज की मुख्यधारा से जुड़कर आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ सकें।इस अवसर पर बेमेतरा विधायक दीपेश साहू ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए मातृशक्ति के प्रति सम्मान व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं के संघर्ष, समर्पण और त्याग से ही समाज का नव निर्माण संभव है। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं अपने हुनर, अदम्य साहस और परिश्रम के बल पर हर क्षेत्र में अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज करा रही हैं और समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

विधायक साहू ने कहा कि महिलाओं का सम्मान और सशक्तिकरण एक विकसित और समृद्ध समाज की आधारशिला है। उन्होंने बेटियों की शिक्षा, महिलाओं की सुरक्षा और आर्थिक स्वावलंबन को प्राथमिकता देने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि महिलाएं घर से लेकर कार्यक्षेत्र तक हर जिम्मेदारी को बखूबी निभाते हुए समाज को नई दिशा दे रही हैं। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा – “यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते रमन्ते तत्र देवता:”, अर्थात जहां महिलाओं का सम्मान होता है, वहां देवताओं का वास होता है। उन्होंने सभी नागरिकों से महिलाओं का सम्मान करने और समाज में उनके योगदान को समझते हुए उन्हें आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है 

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने शिक्षा, सामाजिक सेवा, आजीविका, खेल तथा अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर जिले का नाम रोशन करने वाली महिलाओं को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ रजककार बोर्ड के अध्यक्ष श्री प्रहलाद रजक, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती कल्पना योगेश तिवारी, जनपद पंचायत बेमेतरा की अध्यक्ष श्रीमती हेमा जय दिवाकर, नगर पालिका बेमेतरा के अध्यक्ष श्री विजय सिन्हा, जिला पंचायत महिला एवं बाल विकास विभाग की सभापति श्रीमती प्रीति गोविंद पटेल, डीआईजी श्री रामकृष्ण साहू, अपर कलेक्टर श्री प्रकाश भारद्वाज, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री प्रेमलता पद्माकर, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि श्री अजय साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

खेल प्रतियोगिता के विजेता प्रतिभागियों को किया गया सम्मानित
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जिले में बालिकाओं को खेल के क्षेत्र में प्रोत्साहित करने और उन्हें मंच प्रदान करने के उद्देश्य से खेल प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। यह प्रतियोगिता 12 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं के लिए आयोजित की गई, जिसमें कबड्डी, कराते, बैडमिंटन एवं एथलेटिक्स जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लेने वाली बालिकाओं ने अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने प्रतियोगिता में विजेता बालिकाओं को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने कहा कि ऐसे आयोजनों से बालिकाओं में आत्मविश्वास बढ़ता है और वे खेल, शिक्षा तथा अन्य क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित होती हैं। कार्यक्रम में जिलेभर से आए महिला स्व सहायता समूहों, छात्राओं, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों की बड़ी संख्या में सहभागिता रही, जिससे पूरा वातावरण नारी शक्ति के सम्मान और उत्सव से सराबोर रहा।









You can share this post!


Click the button below to join us / हमसे जुड़ने के लिए नीचें दिए लिंक को क्लीक करे


Related News



Comments

  • No Comments...

Leave Comments