सुकमा : जिला प्रशासन की सकारात्मक पहल ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि सही मार्गदर्शन और संवेदनशील प्रयासों से युवाओं को समाज की मुख्यधारा से जोड़ा जा सकता है। कलेक्टर अमित कुमार के निर्देशन एवं जिला पंचायत सीईओ मुकुन्द ठाकुर के मार्गदर्शन में शबरी ऑडिटोरियम सुकमा में टी20 वर्ल्ड कप फाइनल मैच का विशेष लाइव प्रसारण आयोजित किया गया, जिसमें आत्मसमर्पित नक्सली, पुनर्वासित युवा तथा स्कूली छात्र बड़ी संख्या में शामिल हुए।

जिला प्रशासन द्वारा लगाए गए बड़े एलईडी स्क्रीन पर भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच खेले गए रोमांचक मुकाबले को देखने के लिए युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। पूरे ऑडिटोरियम में ‘जीतेगा भाई जीतेगा-इंडिया जीतेगा’ और ‘इंडिया-इंडिया’ के नारों की गूंज के साथ देशभक्ति का माहौल बन गया। भारतीय खिलाड़ियों द्वारा लगाए गए चौकों और छक्कों पर पुनर्वासित युवाओं ने तिरंगा झंडा लहराकर अपनी खुशी का इजहार किया। जैसे ही भारत ने मैच अपने नाम किया, पूरे सभागार में उत्साह का माहौल बन गया और युवा मंच पर आकर खुशी से झूमते हुए नाचने लगे। सभी ने एक दूसरे को टीम इंडिया के जीतने पर बधाई दी। इस दौरान युवाओं ने जिला प्रशासन के इस सराहनीय प्रयास के लिए आभार भी व्यक्त किया।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ शासन की आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति के तहत आत्मसमर्पित युवाओं को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसके अंतर्गत युवाओं को स्वरोजगारशिक्षण, शासकीय विभागों में स्थायी रोजगार के अवसर, तथा मनोरंजन और सामाजिक गतिविधियों में सहभागिता के माध्यम से सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराया जा रहा है। इसी क्रम में जिला प्रशासन द्वारा पुनर्वासित युवाओं को 5जी मोबाइल फोन का वितरण भी किया गया है।
कार्यक्रम के दौरान भारत की ऐतिहासिक जीत के अवसर पर एसडीएम सुकमा सूरज कश्यप, तहसीलदार अम्बर गुप्ता, एपीसी आशीष राम, जिला बाल संरक्षण अधिकारी जितेंद्र बघेल तथा जनसंपर्क अधिकारी सुखसागर वारे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।



Comments