कोरिया: जिले के चरचा थाना क्षेत्र में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से चरचा थाना प्रभारी आनंद सोनी द्वारा थाना परिसर में क्षेत्र के ढाबा संचालकों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई जिसमें थाना क्षेत्र में संचालित विभिन्न ढाबों और होटलों के संचालक उपस्थित रहे।बैठक के दौरान थाना प्रभारी आनंद सोनी ने ढाबा संचालकों को निर्देश देते हुए कहा कि उनके प्रतिष्ठानों में कार्यरत सभी कर्मचारियों का आधार कार्ड, पहचान पत्र सहित पूरा विवरण अनिवार्य रूप से थाना में जमा करना होगा। उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में यदि किसी नये व्यक्ति को काम पर रखा जाता है, चाहे वह परिवार का सदस्य, रिश्तेदार या आसपास का निवासी ही क्यों ना हो, उसका पहचान पत्र और आवश्यक जानकारी भी थाने में उपलब्ध कराना अनिवार्य रहेगा।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि शासन के निर्देशानुसार ढाबों में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियों की अनुमति नहीं है। उन्होंने संचालकों को चेतावनी देते हुए कहा कि उनके प्रतिष्ठानों में किसी भी प्रकार की गैरकानूनी या समाज विरोधी गतिविधियां संचालित नहीं होनी चाहिये।उन्होंने कहा कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाये रखने के लिये पुलिस के साथ सभी नागरिकों का सहयोग बेहद जरूरी है। यदि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या समस्या की जानकारी मिलती है तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें ताकि समय रहते कार्यवाही की जा सके।
बैठक में मौजूद सभी होटल और ढाबा संचालकों ने पुलिस प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया और क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने की बात कही।



Comments