रायपुर : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज निर्धारित कार्यक्रम के तहत विधानसभा सत्र में हिस्सा लेंगे। मुख्यमंत्री सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री निवास से रवाना होकर विधानसभा के लिए निकलेंगे। इसके बाद वे सुबह 11:30 बजे से दोपहर 3:20 बजे तक विधानसभा सत्र में शामिल रहेंगे। सत्र समाप्त होने के बाद मुख्यमंत्री दोपहर 3:30 बजे नवा रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास वापस पहुंचेंगे।
छत्तीसगढ़ विधानसभा बजट सत्र का 8वां दिन
रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र का आज 8वां दिन है, जिसमें कई अहम मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। सदन में डिप्टी सीएम अरुण साव, मंत्री गजेंद्र यादव और लखनलाल देवांगन विधायकों के सवालों के जवाब देंगे। वहीं मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, लखनलाल देवांगन और लक्ष्मी राजवाड़े विभिन्न पत्रों को सदन के पटल पर रखेंगे। आयुष्मान कार्ड से जुड़े मामले को लेकर विधायक कविता प्राण लहरे स्वास्थ्य मंत्री का ध्यानाकर्षण करेंगी। इसके साथ ही रासायनिक अपशिष्ट पदार्थों का मुद्दा भी सदन में उठेगा, जिस पर विधायक अनुज शर्मा पर्यावरण मंत्री ओपी चौधरी का ध्यान आकर्षित करेंगे। वहीं विधायक लखेश्वर बघेल, राघवेंद्र सिंह और हर्षिता बघेल याचिकाओं की प्रस्तुति देंगे। इसके अलावा मंत्री ओपी चौधरी, रामविचार नेताम और लक्ष्मी राजवाड़े की अनुदान मांगों पर भी सदन में चर्चा होगी।
इंडियन ऑयल में आज होगी सीबीआरएन मॉक ड्रिल
रायपुर। इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन के रायपुर स्थित दक्षिण-पूर्वी क्षेत्र पाइपलाइन परिसर में आज 11 मार्च को प्रस्तावित जिला स्तरीय सीबीआरएन (केमिकल, बायोलॉजिकल, रेडियोलॉजिकल और न्यूक्लियर) मॉक ड्रिल के मद्देनज़र प्रशासनिक समन्वय बैठक आयोजित की गई। आरंग एसडीएम अभिलाषा पैकरा की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में आपदा प्रबंधन से जुड़ी तैयारियों और विभिन्न विभागों के बीच त्वरित समन्वय को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। स्टेशन इंचार्ज जयंत कुमार पैकरा ने सुरक्षा प्रोटोकॉल की रूपरेखा प्रस्तुत की। बैठक में एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस, स्वास्थ्य और अग्निशमन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। सभी विभागों ने मॉक ड्रिल के सफल संचालन और संभावित आपात स्थितियों में प्रभावी प्रतिक्रिया के लिए पूर्ण सहयोग का संकल्प लिया।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
मदरसा बोर्ड की परीक्षाओं का टाइम टेबल जारी
रायपुर। छत्तीसगढ़ मदरसा बोर्ड, रायपुर द्वारा आयोजित हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी पत्राचार पाठ्यक्रम की परीक्षाओं का समय-सारणी घोषित कर दी गई है। सभी परीक्षाएं 20 अप्रैल से 4 मई तक सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक आयोजित की जाएंगी। बोर्ड के अध्यक्ष अलताफ अहमद ने बताया कि हाईस्कूल पत्राचार पाठ्यक्रम के तहत 20 अप्रैल को सामान्य हिंदी, 22 अप्रैल को सामान्य अंग्रेजी व सामान्य संस्कृत, 25 अप्रैल को गणित, 27 अप्रैल को विशिष्ट उर्दू, 29 अप्रैल को सामाजिक विज्ञान तथा 2 मई को विज्ञान विषय की परीक्षा होगी।
वहीं हायर सेकेंडरी पत्राचार पाठ्यक्रम की परीक्षाओं में 20 अप्रैल को विशिष्ट उर्दू, 22 अप्रैल को व्यवसाय अध्ययन, गणित, जीव विज्ञान और भूगोल, 25 अप्रैल को अर्थशास्त्र और भौतिकी, 27 अप्रैल को रसायन, लेखा शास्त्र और इतिहास, 29 अप्रैल को सामान्य अंग्रेजी व सामान्य हिंदी, 2 मई को राजनीति शास्त्र तथा 4 मई को समाज शास्त्र के प्रश्नपत्र आयोजित किए जाएंगे।
अफीम की खेती के मुद्दे पर कांग्रेस प्रदेशभर में बीजेपी कार्यालयों का करेगी घेराव
रायपुर। अफीम की खेती के मुद्दे को लेकर कांग्रेस ने बीजेपी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस 12 मार्च को प्रदेशभर में बीजेपी कार्यालयों का घेराव करेगी। इस दौरान प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में स्थित बीजेपी दफ्तरों के सामने प्रदर्शन किया जाएगा। कांग्रेस ने बीजेपी पर प्रदेश के युवाओं को नशे की ओर धकेलने का आरोप लगाया है। साथ ही मामले में शामिल आरोपियों को संरक्षण देने का भी आरोप लगाया है।
प्रयोगशाला सहायक–सेम्पलर भर्ती परीक्षा के एडमिट कार्ड 16 मार्च से डाउनलोड होंगे
रायपुर। छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल के अंतर्गत प्रयोगशाला सहायक/सेम्पलर ग्रेड-2 के पदों पर भर्ती के लिए व्यापमं द्वारा 22 मार्च को परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा पूर्वाह्न 11 बजे से दोपहर 1:15 बजे तक होगी। अभ्यर्थी व्यापमं की आधिकारिक वेबसाइट के प्रोफाइल लॉगिन पेज से 16 मार्च से अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे। व्यापमं द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र पर कम से कम दो घंटे पहले पहुंचना होगा। साथ ही मूल फोटो आईडी लाना अनिवार्य रहेगा, बिना मूल फोटो आईडी के प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
अभ्यर्थियों को हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े पहनकर परीक्षा केंद्र में आना होगा। काले, गहरे नीले, गहरे हरे, जामुनी, मैरून, बैंगनी और गहरे चॉकलेटी रंग के कपड़े पहनने पर प्रतिबंध रहेगा। इसके अलावा कान में किसी भी प्रकार का आभूषण पहनकर आने की अनुमति नहीं होगी।
पीएम किसान उत्सव दिवस का आयोजन 13 मार्च को
रायपुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 13 मार्च को असम राज्य के गुवाहाटी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान देश के करीब 9.32 करोड़ किसानों के खातों में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 22 वीं किस्त की राशि 18 हज़ार 650 करोड़ रुपये का अंतरण करेंगे। इस राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम से छत्तीसगढ राज्य के 24 लाख 71 हजार 498 किसानों के खाते में 498.83 करोड़ रूपए की राशि भेजी जाएगी। इस योजना के तहत छत्तीसगढ राज्य के 2 लाख 92 हजार वन पट्टाधारी और 37 हजार 400 विशेष पिछड़ी जनजाति किसानों को भी लाभान्वित किया जा रहा है। प्रदेश के सभी जिलों में इस दिन को पीएम किसान उत्सव दिवस के रूप में मनाया जाएगा। कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि पीएम किसान उत्सव के तहत विभिन्न ग्राम पंचायतों में किसान बैठकों का आयोजन किया जाएगा और प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी कराया जाएगा, ताकि किसान सीधे इस कार्यक्रम से जुड़ सकें। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की सबसे बड़ी विशेषता इसकी पारदर्शी व्यवस्था है।
आदि परब ‘परम्परा से पहचान तक’ का आयोजन 13 मार्च से
रायपुर। नवा रायपुर स्थित आदिम जाति अनुसंधान एवं प्रशिक्षण संस्थान परिसर में 13 और 14 मार्च को आदि परब ‘परम्परा से पहचान तक’ का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन आदिम जाति विभाग द्वारा किया जाएगा। आदिम जाति विभाग के अधिकारियों ने आज यहां बताया कि जनजातीय समाज की रचनात्मकता, जीवन-दर्शन और सांस्कृतिक विरासत को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से राज्य सरकार द्वारा जनजातीय कला, संस्कृति एवं परम्पराओं को समर्पित आदि परब 2026 का आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन में आदि रंग के माध्यम से जनजातीय चित्रकारों की कलाकृतियों की प्रदर्शनी, आदि परिधान में जनजातीय वेशभूषा पर आधारित आकर्षक प्रस्तुतियां, आदि आख्यान के अंतर्गत जनजातीय विषयों पर सेमीनार तथा आदि हाट में जनजातीय शिल्पकारों द्वारा निर्मित हस्तशिल्प एवं पारम्परिक उत्पादों को प्रस्तुत की जाएगी। वहीं जनजातीय संस्कृति एवं परम्पराओं पर विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमांे का आयोजन भी किया जावेगा।



Comments